देवरिया। गौरीबाजार थानाक्षेत्र के सुरचक गांव में आम तोड़ने को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। घायल पक्ष गौरीबाजार थाने पहुंचा। एसओ के नहीं होने से सिपाही ने पीड़ितों को थाने से लौटा दिया। वहीं भटवलिया चौराहे पर आइसक्रीम लेकर कुछ लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी।
सुरचक गांव निवासी श्रीकांत सिंह के परिवार से कुछ लोगों का आम तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बिना मर्जी से कुछ लोग श्रीकांत सिंह की छत पर चढ़कर आम तोड़ने लगे। मना करने पर लोगों ने श्रीकांत सिंह, रंभा और छोटी सिंह की पिटाई कर दी। विवाद में दूसरे तरफ के लोग भी घायल हुए। किसी तरह गांव के लोगों ने विवाद को शांत कराया। पीड़ित पक्ष सुबह थाने पहुंचा और तहरीर दी। रंभा का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उन्हें थाने से लौटा दिया। कहा कि बड़े साहब के आने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। घायल महिला जिला अस्पताल में पहुंची और उपचार कराया। गौरीबाजार पुलिस मामले से अंजान बन रही है। वहीं कोतवाली थानाक्षेत्र के रामनाथ देवरिया निवासी दिलीप रविवार की रात भोजन करने के बाद भटवलिया चौराहे से आइसक्रीम खरीदकर घर जा रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और पिटाई कर दी। दिलीप गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।