देवरिया। अखिल भारतीय किसान सभा ने जनसमस्याओं को लेकर धरना किया। किसानों और बुजुर्गों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन भुगतान हो। किसानों के कर्जा को माफ करें और कॉरपोरेट घरानों से कर्ज वसूला जाए। राज्यपाल को संबोधित नौ सूत्री मांगपत्र डीएम को दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में धरना को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष इम्तियाज बेग ने कहा कि किसान विरोधी नीतियों को केंद्र और प्रदेश सरकार बढ़ावा दे रही है। किसानों को दोगुना आय का दावा खोखला साबित हो रहा है। मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों के ऊपर गोली चलाई गई। महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे विकसित राज्यों में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। दरअसल सरकार की मंशा किसानों का खेत मल्टीनेशनल कंपनियों के हवाले करना है। ताकि विदेशों के कंपनियों को अधिक मुनाफा मिल सके और किसान अपने खेत में मजदूर रह कर गुजर बसर करें। इस दौरान सदानंद चौरसिया, कमला यादव, रामजी चौहान, केश्वर, महेंद्र, अदालत, राजेंद्र, खेदारू, राजू आदि रहे।