देवरिया। मध्यप्रदेश में किसानों पर फायरिंग के विरोध में सोमवार को कलेक्ट्रेट में वामदलों के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि किसानों के साथ न्याय नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा के जिला मंत्री आनंदप्रकाश चौरसिया और माकपा के ओमप्रकाश कुशवाहा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि सहारनपुर में दलितों पर अत्याचार सरकार की एक सोची-समझी साजिश है। प्रदेश सरकार ने बूचड़खानों को बंद कर अल्पसंख्यकों के रोजगार पर आर्थिक हमला किया है। किसानों के साथ छल किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में किसानों पर फायरिंग यह साबित कर रहा है कि भाजपा किसान विरोधी है। वक्ताओं ने कहा कि पहले तो किसानों पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री गोली चलवाते हैं, फिर अनशन पर बैठकर नाटक करते हैं। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम को दिया गया। उन्होंने कहा कि जब से यूपी में योगी के नेतृत्व में सरकार बनी है, अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। इस दौरान प्रेमचंद्र और रामनिवास आदि मौजूद रहे।