बघौचघाट। रविवार की रात सड़क पर टहल रही महिला चार पहिया वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वह सड़क के किनारे तड़पती रही। करीब दो घंटे बाद परिजन उसे खोजते हुए पहुंचे तो वह जख्मी मिली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात उसकी मौत हो गई।
तरकुलवा थानाक्षेत्र के बसंतपुर धुसी गांव निवासी सुभावती सिंह पत्नी मैनेजर सिंह रविवार की रात भोजन करने के बाद सोने के लिए घोठे की तरफ जा रही थीं। थोड़ी दूर पर नहर की पुलिया पर अज्ञात चार पहिया वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क के किनारे गिर गईं। महिला जब सोने के लिए घोठे पर नहीं पहुंची तो परिजन ने खोजबीन शुरू कर दी। घर पहुंचने पर लोगों को पता चला कि वह काफी देर पहले ही निकल गई थीं। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। कुछ देर बाद लोगों की नजर सड़क के किराने गिरी महिला पर पड़ी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात मौत हो गई। वहीं पथरदेवा भरटोली के पास चार पहिया की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। हरफोड़ा गांव निवासी दानिश शेख बाइक से कहीं जा रहे थे। भरटोली के पास चार पहिया ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी। दानिश घायल हो गया।