उपकेंद्र खुखुंदू : आठ से नौ रोस्टिंग तो तीन से चार घंटे लोकल स्तर पर हो रही कटौती
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र में आवश्यकता से अधिक विद्युत कटौती होने से लोग बेहाल हैं। दिन में आठ से नौ घंटे रोस्टिंग तो तीन से चार घंटे लोकल स्तर पर विद्युत कटौती की जा रही है। उमस भरी गर्मी में बड़े पैमाने पर कटौती होने से 250 गांव के करीब 15 लाख की आबादी परेशान हैं। फिर भी जिम्मेदार इसपर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सलेमपुर 132 केवी ट्रांसमिशन से खुखुंदू उपकेंद्र पर विद्युत आपूर्ति होती है। यहां चार फीडरों के माध्यम से खुखुंदू, मुसैला, बड़हरा, परसिया भंडारी, बैरौना, परसिया मिश्र, बतरौली, बारीपुर, बीरपुर मिश्र, नूनखार, सिसई समेत 250 गांव में आपूर्ति की जाती है। इन दिनों हालात यह है कि दिन में आठ से नौ घंटे रोस्टिंग कटौती तो तीन से चार घंटे लोकल स्तर पर फाल्ट ठीक करने के नाम पर कटौती की जा रही है।
दिन में तो कभी भी लगातार आधे घंटे तक बिजली नहीं मिल रही है। इसके अलावा रात में भी एक से दो घंटे अलग से कटौती की जा रही है। उपभोक्ताओं ने अत्यधिक कटौती से छुटकारा पाने के लिए डीएम का ध्यान आकृष्ट कराया है। जेई सोनू कुमार ने बताया कि रोस्टिंग कटौती के बाद फाल्ट ठीक करने के लिए ही कटौती हो रही है। मेन सप्लाई रहने पर क्षेत्र में आपूर्ति बहाल रह रही है।