हड़ताल से बैंक बंद, एटीएम खाली
एसबीआई, यूबीआई, पीएनबी सहित अन्य प्रमुख बैंक बंद रहे
ऑफिसर्स यूनियन की हड़ताल के चलते नहीं हुआ काम-काज
शनिवार-रविवार को भी बंद रहेंगे बैंक, ग्राहक परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बैंक अधिकारियों की हड़ताल से शुक्रवार को जिले की बैंकिंग व्यवस्था लड़खड़ा गई। अफसरों की हड़ताल के चलते कर्मचारी भी गायब रहे। सार्वजनिक क्षेत्र बैंकों की अधिकांश शाखाएं बंद रही। एटीएम पर भी ताला लटकता रहा। कैश की जरूरत के लिए लोग भटकते रहे। निजी व ग्रामीण बैंक की शाखाएं कुछ हद तक लोगों का सहारा बनी, मगर उनमें खाता नहीं होने से ज्यादातर लोगों को परेशानी ही झेलनी पड़ी। शनिवार और रविवार को भी बैंकों की बंदी से रहेगी। लिहाजा दिक्कतें और बढ़ेंगी।
ऑल इंडिया बैंक अधिकारी एसोसिएशन के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों में कार्यरत अधिकारी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इसके चलते एसबीआई, यूबीआई, पीएनबी, यूको बैंक सहित प्रमुख बैंकों की शाखाओं के ताले ही नहीं खुले। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की राघवनगर, न्यू कॉलोनी शाखा खुला तो जरूर, लेकिन कर्मचारी अंदर से ताला लगाकर लंबित काम निपटाने में लगे रहे। हड़ताल की जानकारी से अनभिज्ञ लोग दूरदराज से पहुंचे, मगर बैंकों पर ताला देख उन्हें निराश लौटना पड़ा। खेती-किसानी संबंधी कार्यों के लिए कैश निकालने पहुंचे ग्राहकों को एटीएम पर भरोसा था, लेकिन वहां भी मायूसी मिली। हड़ताल के कारण ज्यादातर एटीएम भी बंद रहे। राघवनगर स्थित आईडीबीआई बैंक व कोतवाली रोड पर एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लंबी कतारों में खड़े होकर लोग कैश निकालने को जूझते रहे। भीड़ के कारण दोपहर तक एटीएम भी खाली हो गए थे।
आज और कल भी बंद रहेंगे बैंक
ग्राहकों के सामने सबसे बड़ी मुश्किल यह रही कि शनिवार और रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में जरूरी कार्य निपटाने के लिए उन्हें अब सोमवार को बैंक खुलने का इंतजार करना होगा। सोमवार के बाद फिर दो दिनों के लिए बैंक बंद हो जाएंगे। हड़ताल व अवकाश के दिनों में एटीएम चालू रखने की कोई व्यवस्था न होने से ग्राहकों में असंतोष रहा।
हड़ताल सिर्फ अधिकारी संवर्ग की थी। जहां पर्याप्त स्टॉफ था, वहां कामकाज हुआ है। पूर्व सूचना के कारण लोगों ने जरूरी काम पहले ही निपटा लिए थे। क्लीयरिंग का काम प्रभावित हुआ है। अवकाश के दिनों में एटीएम चालू रखने के लिए एजेंसी के माध्यम से कैश डालने की व्यवस्था की गई है। ग्राहकों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
- बीएस मीणा, लीड बैंक प्रबंधक।
हाईलाइटर:
* 125 शाखाएं हैं जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की।
* 190 एटीएम हैं पूरे जिले में विभिन्न बैंकों के।