‘मुर्दों’ के नाम पर्ची जारी करने की होगी जांच
उप गन्ना आयुक्त ने जिला गन्ना अधिकारी को दिए निर्देश, मांगी विस्तृत रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। ‘मुर्दों’ के नाम पर गन्ना पर्ची जारी करने के मामले में जांच शुरू कर दी गई है। उप गन्ना आयुक्त ने जिला गन्ना अधिकारी को पत्र लिखकर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। यह भी पता लगाने को कहा है कि कहीं पूर्व में भी तो ‘मुर्दों’ के नाम पर पर्ची जारी नहीं हुई है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गन्ना तौल कराने के लिए पर्ची आवंटन की व्यवस्था में बिचौलियों की सक्रियता से गड़बड़ी हो रही है। कई ‘मुर्दों’ के नाम पर भी पर्ची जारी कर दी जा रही है। बैतालपुर, गौरीबाजार क्षेत्र के कई मृतकों के नाम पर जारी पर्ची का हवाला देते हुए अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में ‘मुर्दों’ से गन्ना खरीदने को भेजी गई पर्ची’ शीर्षक के साथ प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। खबर का संज्ञान लेते हुए उप गन्ना आयुक्त राजीव राय ने जिला गन्ना अधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मृतकों के नाम पर पर्ची कैसे जारी हुई, इसकी पूरी रिपोर्ट दें। यह भी स्पष्ट करें कि कहीं पूर्व में भी तो इनके नाम पर पर्ची जारी नहीं हुई। किसानों की ओर से दिए गए घोषणा पत्र के भी सत्यापन कराने को कहा है। उप आयुक्त ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।