फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान विरोधी है केंद्र सरकार की कृषि नीति

विज्ञापन
विज्ञापन
किसान विरोधी है केंद्र सरकार की कृषि नीति
विज्ञापन

जिला किसान सभा का 22वां जिला सम्मेलन संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। अखिल भारतीय किसान सभा का 22वां जिला सम्मेलन रविवार को विकासखंड बनकटा की प्राइमरी पाठशाला बतरौली में हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता विद्यावती देवी ने किया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता पूर्व विधायक दीनानाथ यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की कृषि नीति किसान विरोधी है। इसके चलते किसानों को उनकी फसलों का लागत मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने किसानों के फसलों के लागत का डेढ़ गुना दाम देने की घोषणा हवा-हवाई साबित हो चुकी है। इसके चलते किसान आत्महत्या कर रहे हैं। आज भी प्रदेश के गन्ना किसानों का करोड़ों रुपया बाकी है। उन्होंने कहा कि नोट बंदी व जीएसटी से सर्वाधिक नुकसान किसानों और छोटे-छोटे व्यापारियों का हुआ है। अब भाजपा सत्ता में आने के लिए मंदिर और मस्जिद का पुराना मामला उकसा कर भावनात्मक वोट बटोरना चाहती है, जो अब संभव नहीं है। जनता इनका असली चेहरा जान चुकी है। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। कहा कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों की बाढ़ आ गई है। जनता भय में जी रही है। सम्मेलन को साधुशरण, जिलाध्यक्ष राधाकृष्ण यादव, जय प्रकाश यादव, चंद्रभान कुशवाहा, अशोक शाह, विश्राम चौरसिया, रमाकांत शाह, रामायण गुप्ता, लल्लन कुशवाहा, नरसिंह कुशवाहा आदि ने संबोधित किया। इस दौरान रुदल, रामजी, रामनक्षत्र, दीपनारायण, कुसुम, वीर बहादुर, रामाश्रय, नंदलाल, संजय सिंह, रामविलास, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

जयप्रकाश बने किसान सभा के जिलाध्यक्ष
भाटपाररानी। प्राथमिक विद्यालय बतरौली में रविवार को आयोजित 22वें जिला सम्मेलन में किसान सभा की नई कमेटी का चयन हुआ। इसमें जयप्रकाश यादव को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष चुना गया। पवहारी व राधा कृष्ण को जिला उपाध्यक्ष, साधु शरण को जिला मंत्री, हैदर अली व रामा गुप्ता को संयुक्त मंत्री चुना गया। इसके अलावा 27 लोगों को किसान सभा का सदस्य नामित किया गया।
फोटो समाचार....
‘मौलिक अधिकारों का हो रहा हनन’
बहुजन क्रांति मोर्चा ने जुलूस निकाल दी गिरफ्तारी
गुजरात में कार्यक्रम की अनुमति न मिलने पर जताया आक्रोश
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बहुजन क्रांति मोर्चा के परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम की अनुमति गुजरात सरकार की ओर से नहीं दिए जाने पर नाराज कार्यकर्ताओं ने रविवार को जिले में देश भरो आंदोलन चलाया। राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्री मांग पत्र डीएम को सौंपा।
तहसील संयोजक लाल बिहारी गोंड ने कहा कि गुजरात सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 19 का उल्लंघन किया है। बहुजन क्रांति मोर्चा की ओर से 22 अक्तूबर को अहमदाबाद में कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। अहमदाबाद पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी। इसके विरोध में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया गया। उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके विरोध में देश भर में जेल भरो आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने इवीएम से चुनाव कराने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की। चंद्रशेखर प्रसाद ने कहा कि एससी/एसटी के पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। पुलिस अन्याय करने वालों को जेल भेजने के बजाय पीड़ित को प्रताड़ित करने में लगी है। देश में मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। इस दौरान मुन्ना यादव, नत्थू यादव, राजेश प्रसाद, राजाराम, रामनगीना मद्देशिया, संजय प्रसाद, हेमंत कुमार आदि मौजूद रहे।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक बनाएं हियुवा की पहुंच
मासिक बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। हिंदू युवा वाहिनी जिला इकाई की मासिक बैठक रविवार को महारानी चंडिका छात्रावास में हुई। संगठन को मजबूत करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह ने कहा कि संगठन के संरक्षक योगी आदित्यनाथ का सूत्र वाक्य हिंदुत्व के विकास को आत्मसात करते हुए जिले के प्रत्येक क्षेत्र में हिंदू समाज के अंतिम व्यक्ति को संगठन से जोड़ें। यह समय देश की अखंडता व एकता का है। जिला संयोजक नीरज शाही ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता जिले के कोने-कोने में हियुवा को मजबूत करें। सरकार की योजनाओं से गरीबों, शोषितों और वंचित वर्ग को लाभान्वित कराने का भी आह्वान किया। अध्यक्षता कर रहे मुन्ना राय ने कहा कि कोई भी व्यक्ति संगठन के पैड का गलत इस्तेमाल नहीं करेगा और न ही अनैतिक कार्य करेगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसी भी कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्र के प्रभारी सहित संयोजक, अध्यक्ष, महामंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष को बुलाना अनिवार्य होगा। बैठक में दिलीप सिंह बोल, गुड्डू पहलवान, दीपक सिंह, शैलेंद्र सिंह, विजय पंडित, विनोद ठठेरा, अमित मोदनवाल, धनवंत सिंह, जितेंद्र भारत, सुभाष तिवारी, लक्ष्मण सिंह, दिनेश कुशवाहा, देवीशरण, नीरज, घनश्याम मणि, करुणेश राय, नितेश पांडेय, नवीन यादव, श्रवण प्रजापति, बृजेश यादव, संदीप मणि आदि मौजूद रहे। संचालन नीरज श्रीवास्तव ने किया।



ब्लॉक अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
बघौचघाट। कांग्रेस से पथरदेवा ब्लॉक के अध्यक्ष पद पर उमेश मणि त्रिपाठी का मनोनयन होने पर कार्यकर्ताओं में खुशी है। मनोनयन के बाद रविवार को पहली बार क्षेत्र में पहुंचने पर जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। बघौचघाट में स्वागत से आह्लादित उमेश मणि ने कहा कि आगामी 2019 में पूरे देश की जनता कांग्रेस की सरकार चाहती है। वर्तमान प्रधानमंत्री के झूठे वादों से जनता आजिज आ गई है। सरकार जनता को पूरी तरह ठग चुकी है। इस अवसर पर बृजेश शुक्ल, अरविंद शुक्ल, कौशल मिश्र, दया बाबा, राहुल पाठक, दीनानाथ भारती, फारूक, डॉ. आजाद आदि मौजूद रहे।

फोटो समाचार
पुरानी पेंशन बुढ़ापे का सहारा, हर हाल में करेंगे हासिल
संयुक्त संघर्ष संचालन समिति की बैठक में बोले वक्ता
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति की बैठक रविवार को विकास भवन परिसर में हुई। इसमें चेतना रथ यात्रा में शामिल प्रांतीय पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
एस फोर के प्रांतीय अध्यक्ष एसपी तिवारी ने कहा कि सरकार 20 दिसंबर के पहले यदि पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती है तो अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी बड़ा आंदोलन करेंगे। राष्ट्रीय कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश महामंत्री आरके निगम ने कहा कि चेतना रथ यात्रा का उद्देश्य पुरानी पेंशन बहाली व कर्मचारी शिक्षक समाज की साख को बचाना है। आरपी मिश्रा ने कहा कि पेंशन बहाली में कर्मचारी, शिक्षकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। हम पुरानी पेंशन लेकर ही रहेंगे। योगेश त्यागी ने कहा कि चेतना रथ यात्रा के चलते प्रदेश भर के शिक्षक कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। देश के सांसद व विधायक अपनी पेंशन छोड़ें, जब 35 से 40 वर्ष की सेवा के बाद शिक्षक-कर्मचारियों को पेंशन नहीं मिल रही तो बेहद कम दिन सेवा की बुनियाद पर इन्हें पेंशन क्यों दी जा रही है। नए सरकारी सेवकों व उनके परिवार का भविष्य शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड के हवाले कर दिया गया है। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बुढ़ापे का सहारा है। इसे हर हाल में हासिल करके दम लेंगे। इस दौरान विजय कुमार सिंह, रामायण राय, अभिमन्यु तिवारी, सुनील सिंह, दिनेश्वर मिश्रा, ओपी सिंह, उमाशंकर शुक्ल, कृपा नारायण सिंह, शौकत अली, सुनीता सिंह, दीनदयाल, रामायण दीक्षित आदि मौजूद रहे।

फोटो समाचार...
मंडलीय सम्मेलन में जुटेंगे तीन हजार शिक्षक
27 नवंबर को जिले में होगा माध्यमिक शिक्षक संघ का मंडलीय सम्मेलन
बैठक कर शिक्षकों ने बनाई सफलता की रूपरेखा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय सम्मेलन की सफलता को लेकर जिला इकाई की बैठक रविवार को महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज परिसर में हुई। इसमें जिले से बड़ी तादाद में गोरखपुर के मंडलीय सम्मेलन में शामिल होने की रूपरेखा बनाई गई।
बतौर मुख्य अतिथि गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मंडलीय सम्मेलन देवरिया में होगा। इसमें चारों जिले के करीब तीन हजार शिक्षक शामिल होगी। देवरिया के शिक्षकों के लिए यह बड़ी जिम्मेदारी है। पूरी तरह तन-मन से लगकर सम्मेलन को सफल बनाने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघ छात्र, शिक्षा, शिक्षक और विद्यालय की दशा-दिशा में उत्तरोत्तर सुधार के लिए संकल्पित है। पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई अब निर्णायक दौर में है। शिक्षक एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहें। वित्तविहीन शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन, अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य मांगों पर भी जोर दिया। जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि मंडलीय सम्मेलन में जिले के सभी सेवानिवृत्त अध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में संघ के प्रदेश ओमप्रकाश शर्मा शामिल होंगे। जिला मंत्री दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि 27 नवंबर को सम्मेलन सुबह नौ से शाम पांच बजे तक चलेगा। बैठक में महराजगंज के जिला मंत्री विजय प्रताप सिंह, प्रदेशीय मंत्री जसवंत सिंह, मंडलीय मंत्री ज्ञानूराम, अशोक राय, ओमप्रकाश सिंह, अनिल दुबे, रामेंद्र चंद, ब्रह्मा सिंह, विजय भारत, अभिषेक पांडेय, कृष्ण मोहन सिंह, अखिलेश नंदन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।



15 दिन के भीतर हो शिक्षक समस्याओं का निस्तारण
देवरिया। प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट की बैठक रविवार को न्यू कॉलोनी स्थित शिविर कार्यालय पर हुई। इसमें शिक्षक समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। प्रांतीय उपाध्यक्ष कामेश्वर पांडेय ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक के उपेक्षापूर्ण रवैये के चलते शिक्षक समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। शिक्षकों के सातवें वेतन आयोग के 50 प्रतिशत एरियर धनराशि का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। एनपीएस योजना के तहत प्रतिमाह शिक्षकों के वेतन से होने वाली कटौती के धनराशि का कोई लेखा-जोखा नहीं है। दो सितंबर 2008 के शासनादेश का उल्लंघन अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद खुलेआम चल रहा है। शिक्षक समस्याओं का निस्तारण 15 दिनों के भीतर नहीं हुआ तो डीआओएस कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान गोपाल प्रसाद, बैकुंठनाथ, अगम स्वरूप, कामेश्वर पांडेय, सुधाकर मिश्र, कविंद्र पांडेय, योगेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
योगीराज में हो रहा सर्वांगीण विकास
देवरिया। विश्व हिंदू महासंघ की बैठक रविवार को कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों की सराहना की गई। जिलाध्यक्ष केशव नाथ त्रिपाठी ने कहा कि योगी के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। जनता भय मुक्त वातावरण में खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है। इस दौरान प्रेम प्रकाश चौरसिया, अशोक यादव, रवि चौरसिया, सुभाष चौरसिया, सत्यम पांडेय, प्रभु चौरसिया, वेद व्यास मिश्र आदि मौजूद रहे।
एनएसयूआई के पदाधिकारी घोषित
देवरिया। एनएसयूआई की बैठक रविवार को कैंप कार्यालय पर हुई। बैठक में जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें रितेश पांडेय जिला महासचिव, सुशील पांडेय शहर अध्यक्ष, सर्वेश पांडेय, सैफ खान जिला उपाध्यक्ष, अविनाश त्रिपाठी मीडिया प्रभारी, विवेक सिंह जिला सचिव व दीपक पटवा कोषाध्यक्ष घोषित हुए। जिलाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कर्मठ एवं ऊर्जावान छात्रों को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनकी मेहनत से संगठन नई ऊंचाई प्राप्त करेगा।
संगम लाल नियुक्त हुए जिला उपाध्यक्ष
देवरिया। लोकतांत्रिक जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव के अनुमोदन पर प्रदेश अध्यक्ष विवेक यादव ने संगम लाल को पार्टी का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। संगम लाल ने कहा कि जल्द ही जिले में कार्यकारिणी का विस्तार कर पार्टी की नीतियों से आमजन को अवगत कराया जाएगा।
विधानसभा वार बनाए गए आईटी संयोजक
देवरिया। भाजपा सोशल मीडिया व आईटी विभाग की बैठक रविवार को गरुणपार स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई। इसमें विधानसभा वार आई विभाग व सोशल मीडिया संयोजक बनाए गए। इसमें गौरव मिश्रा देवरिया सदर, मनोज कुमार मद्धेशिया बरहज, चंदन मद्धेशिया भाटपाररानी, प्रतीक मिश्रा सलेमपुर, गोविंद बरनवाल पथरदेवा, मनीष कुमार पांडेय रामपुर कारखाना व संतोष कुमार गुप्ता रुद्रपुर के संयोजक नियुक्त हुए। बैठक में जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह, जिला महामंत्री आईटी विभाग अजय कुमार दुबे, आईटी जिला प्रमुख सर्वेश नाथ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

फोटो समाचार...
प्रदेश अध्यक्ष रामविलास धनगर का हुआ स्वागत
देवरिया। प्रांतीय धनगर महासभा की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष राम विलास धनगर के प्रथम बार जनपद आगमन पर स्वागत किया गया। उन्होंने समाज के लोगों को एकजुट होने का आह्वान किया। कहा कि सामाजिक, राजनीतिक उत्थान बिना एकजुटता के संभव नहीं है। जिला महासचिव रामजनम पाल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में समाज की समस्याओं का समाधान होगा। इस दौरान अवधेश पाल धनगर, दयाशंकर पाल, अमर नाथ पाल, रविंद्र धनगर, दिनेश धनगर, उमेश पाल, रामछवीला, छेदी धनगर, रामदेव, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें