रुद्रपुर। नगर पंचायत को केंद्र सरकार की स्वच्छता सर्वेक्षण टीम स्वच्छता की कसौटी पर कसने जा रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण प्रतियोगिता के तहत जनता टाउन एरिया को सफाई में नंबर देगी। 4000 अंकों की इस प्रतियोगिता में केंद्र सरकार की सर्वेक्षण टीम अंकों के आधार पर नगरीय निकायों की रैंकिंग तय करेगी। इसमें सफाई व्यवस्था, शौचालय निर्माण, अभिलेखों का रखरखाव और पब्लिक फीडबैक पर अंक दिए जा रहे हैं।
सफाई की परीक्षा में अधिक अंक पाने को नगर पंचायत पूरी ताकत से सफाई व्यवस्था में जुटी है। रुद्रपुर नगर में केंद्रीय टीम 17 जनवरी से सर्वेक्षण शुरू करेगी। सभी वार्डों में तीनों पहर सफाई की जा रही है। सफाई व्यवस्था में अचानक बदलाव को लेकर लोग हैरत में हैं। सफाई कर्मियों को नगर पंचायत की ओर से विशेष पोशाक दिया गया है। अधिशासी अधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया कि केंद्रीय टीम शहर के सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन का जायजा लेगी। इस दौरान शौचालयों का निर्माण और व्यवस्था भी देखी जाएगी। टीम नगर के सैकड़ों लोगों से सफाई व्यवस्था से संबंधित सवाल पूछेगी। सवालों का जवाब सकारात्मक रहा तो 1000 अंक मिलेंगे और यदि नकारात्मक रहा तो नगर की रैकिंग घट जाएगी। नगर के आमलोग स्वच्छता एप डाउनलोड कर या 1969 पर कॉल कर ऑनलाइन सवालों का जवाब दे सकते हैं। एप डाउनलोड करने पर नगर पंचायत को अंक मिलेगा।
जनता को इन सवालों का देना है जवाब
1 क्या आप को पता है कि आप का शहर स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग ले रहा है।
2 क्या पिछले साल के अपेक्षा इस साल शौचालयों की संख्या बढ़ी है।
3 क्या सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालय पहले की अपेक्षा ज्यादा साफ हैं।
4 क्या आप इस साल गीला सूखा कचरा संग्रहण से संतुष्ट हैं।
5 क्या व्यावसायिक क्षेत्रों में लगे लिटरबिन का उपयोग आपने शुरू कर दिया है।