देवरिया। पारा लगातार लुढ़कने से ठंड के साथ ही गलन भी बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो ठंड का सितम अभी कई दिनों तक बरकरार रहने की उम्मीद है। ठंड से लोग परेशान है। बुजुर्गों के लिए यह ठंड दुखदाई है। बच्चे बीमारी की चपेट में आ रहे है। मंगलवार की सुबह सात डिग्री पर पहुंच गया था। दोपहर में थोड़ी धूप दिखी, तो लोगों ने राहत की सांस ली।
पिछले एक सप्ताह से मौसम में बदलाव जारी है। ठंड के साथ गलन ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले सोमवार को 11, मंगलवार को नौ, बुधवार को नौ, गुरुवार को 11, शुक्रवार को 10, शनिवार को नौ, रविवार को आठ, सोमवार को आठ डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। इस बीच कक्षा आठ तक के स्कूल में दो जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि ठंड से बचने के लिए विशेष सावधानी की जरूरत है।
इनसेट
नगर प्रशासन जागा, जले अलाव
देवरिया। आखिरकार नगर पालिका प्रशासन की नींद टूट ही गई। कई दिनों से पड़ रहे कड़ाके की ठंड के बाद मंगलवार को शहर में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई। इससे खुले आसमान के नीचे रहने वालों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। हालांकि रैन बसेरा रोडवेज परिसर से हटा लिए जाने से यात्रियों को भीषण ठंड में खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ रही है।