जिला पंचायत स्थित नामांकन स्थल पर मुस्तैद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। स्थानीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री बुधवार से शुरू हो गई। तीन निकायों के अध्यक्ष पद के लिए 15, जबकि सभासद पद के लिए 210 नामांकन पत्र बिके। बरियारपुर में अध्यक्ष पद के लिए कोई भी दावेदार नामांकन पत्र खरीदने नहीं पहुंचा। इसको लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
चार निकायों के अध्यक्ष और सभासद पद के लिए जिला पंचायत परिसर में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। इसके चलते बुधवार को पहले दिन गहमागहमी रही। नामांकन पत्र के साथ कौन से प्रपत्र लगाने हैं, इसको लेकर दावेदार हलकान रहेे। दिन में 11 बजे से दावेदारों के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो केवल नामांकन पत्र खरीदने पहुंचे। देवरिया के नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए रामायण राव, अशोक मद्धेशिया, इंदु देवी, किशन मद्धेशिया, पंकज सिन्हा, रविंद्र प्रजापति और जयप्रकाश सिंह और सभासद पद के लिए 152 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। रामपुर कारखाना नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए हुस्न तारा खातून और देवंती देवी समेत सभासद पद के लिए 11 नामांकन पत्र खरीदे गए। बरियारपुर में सभासद पद के लिए आठ लोगों ने नौ नामांकन पत्र खरीदा। गौरीबाजार में अध्यक्ष पद के लिए विजय सैनी, बृजेश गुप्त, दिनेश गुप्त, ईश्वर चंद, रविंद्र नाथ जायसवाल और सुनील बरनवाल और सभासद पद के लिए 38 नामांकन पत्र खरीदे गए।