देवरिया। एक सूने मकान का दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोरों ने 15 हजार रुपये नकद और 15 लाख का सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए। शाम को शिक्षिका स्कूल से घर पहुंचीं तो इसकी जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भटनी थाने के मिश्रौली दीक्षित गांव निवासी हरी सहाय दीक्षित का परिवार रामनाथ देवरिया के शिवपुरम कॉलोनी में रिश्तेदार के मकान में रहता है। उनकी पत्नी वंदना दीक्षित एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। पति इन दिनों कुवैत में हैं। सोमवार को शिक्षिका स्कूल और बच्चे ताला बंद कर स्कूल चले गए। शाम को वंदना घर पहुंचीं तो मेन चैनल का ताला टूटा देख दंग रह गईं। अंदर गईं तो आलमारी खुली थी और इसमें रखा 15 हजार रुपये नकद तथा 20 नग से अधिक सोने-चांदी के कीमती जेवर गायब थे। जेवर खरीद का रसीद और डिब्बा बिस्तर पर बिखरा था। शिक्षिका ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वंदना दीक्षित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल नीतिश श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।