देवरिया। गुजरात के बांसकाठा में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर प्राणघातक हमलेे में विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सुभाष चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। हालांकि पुलिस ने मोदी का पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे चकमा देकर मकसद में कामयाब हो गए।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ऋषभ शुक्ल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की जुटान सुभाष चौक पर हुई। सरकार विरोध नारेबाजी की गई। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने मोदी के पुतले को फूंक दिया। ऋषभ ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। गुजरात के बांसकाठा में राहुल गांधी पर हुए हमले से यह साफ हो गया है कि देशभर में कानून-व्यवस्था का राज समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के सपने दिखाए थे। तीन साल से अधिक समय मोदी की सरकार बने हो गई है, लेकिन रोजगार कौन कहे, नोटबंदी के बाद बेरोजगारी बढ़ गई है। त्रिपुरेश त्रिपाठी ने कहा कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपनी हैसियत का पता चल जाएगा। इस दौरान विनीत राय, अभिषेक शर्मा, दीपक प्रजापति, विक्रांत मणि त्रिपाठी, आदित्य मिश्रा, विंधेश्वर उपाध्याय आदि मौजूद रहे।