बरहज। पूरे प्रदेश के शहरों को 20 और ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति करने का फरमान जारी किया गया है। अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्याओं को लेकर प्रधान संघ के नेतृत्व में सब स्टेशन का घेराव कर एसडीओ को ज्ञापन दिया। संघ ने विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को करीब तीन बजे प्रधान संघ जिलाध्यक्ष राजेश मिश्र के नेतृत्व में जयनगर स्थित विद्युत सब स्टेशन पर प्रदर्शन किया गया। आरोप था कि सब स्टेशन के फीडरों से जुड़े गांवों की आपूर्ति बदतर है। सरकार के वायदे पर विभाग खरा नहीं उतर रहा है। इससे गांव के उपभोक्ता उमस भरे मौसम में दिन और रात काटने पर विवश हैं। लोग आपूर्ति के साथ-साथ पश्चिमी फीडर के खंभों के टूटे क्रॉस आरम, इंसुलेटर, जर्जर पोल और तार सही कराने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में एसडीओ शिवम नाथ तिवारी ने बताया कि ऊपर से 11 हजार से कम वोल्ट मिलने से लो-वोल्टेज जैसी समस्या बनी है। जल्द ही समस्याओं का निराकरण करा दिया जाएगा। इस दौरान जिला मंत्री रामप्रताप सिंह, हियुवा के जिला मंत्री जितेन्द्र भारत, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश यादव, समरनाथ यादव, रणजीत सिंह, हनुमान गुप्ता आदि उपस्थित रहे।