देवरिया। बारिश से ट्रांसफार्मर में टेक्निकल फॉल्ट आ गई। इससे कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। जामा मस्जिद इलाके के सैकड़ों घरों में 14 घंटा के बाद बिजली आई। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। पानी तक के लिए मोहल्लेवासी तरस गए।
शहर के रामलीला मैदान सब स्टेशन में दोपहर 3.30 बजे सब-स्टेशन में खराबी आ गई। इसके चलते आपूर्ति ठप हो गई। 1.30 घंटा की मशक्कत के बाद फॉल्ट दुरुस्त हुआ। इसके बाद मोहल्लों में आपूर्ति बहाल हुई। रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रांसफार्मर लगा है। बुधवार की रात 10 बजे एक फेस का तार टूट गया। जामा मस्जिद इलाके के सैकड़ों घरों में बिजली गुल हो गई। सब स्टेशन में जानकारी दी गई लेकिन कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचें। घरों में इन्वर्टर बैठ गया। इसके चलते अंधेरे में करवटें बदल कर रात गुजारनी पड़ी। सुबह उठने पर बिजली की कटौती समस्या बन गई। घरों की टंकियों का पानी खत्म हो गया। बच्चों की नींद पूरी नहीं हो सकी। स्कूल के लिए भेजने में मनुहार करनी पड़ी। ऑफिस और दुकान जाने के लिए नहाने धोने में हैंडपंप के पानी का इस्तेमाल करना पड़ा। कर्मचारियों की टीम 10 बजे के बाद पहुंची और ट्रांसफार्मर के तार को ठीक करने में जुट गई। दिन में 12 बजे बिजली आई लेकिन दो घंटा के बाद दुबारा गुल हो गई। इसके चलते इन्वर्टर चार्ज नहीं हो सके।