सलेमपुर (देवरिया)। चावल खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया। लोग घबरा गए। घर वालों ने दुकानदार पर प्लास्टिक का चावल बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने दुकानदार को कोतवाली में बुलाकर पूछताछ की। उसने एक कोटेदार का नाम बताया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामला अभी खाद्य एवं औषधि विभाग तक नहीं पहुंचा है।
जमुआ नंबर दो गांव निवासी रेहान के घर वालों ने गांव के एक दुकानदार से चावल खरीदा। रात में चावल खाने के बाद परिवार के रेहान, मोनू, सैफ आलम और सुहाना की पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया। घर वाले उन्हें एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। इलाज के बाद आराम मिला। प्लास्टिक का चावल होने का संदेह हुआ तो घर वालों ने पके हुए चावल को देखा। इसमें अंतर दिखा। घर का एक सदस्य पका हुआ चावल का गोला बनाकर जमीन पर पटका तो वह गेंद की तरह उछलने लगा। इसके बाद रेहान पका हुआ चावल लेकर कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर शिकायत की। पुलिस ने दुकानदार से संपर्क किया और उसे कोतवाली बुलाया। पूछताछ में दुकानदार ने एक कोटेदार का नाम बताया जिससे वह चावल खरीदता है। पुलिस कोटेदार की तलाश में जुटी है। कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।