जिले को मिली कोरोना वैक्सीन की 14.7 हजार डोज
देवरिया। जनपद में कोविड वैक्सीन का इंतजार बुधवार को समाप्त हो गया। सरकार ने जिले को वैक्सीन की चौदह हजार सात सौ (14,700) डोज उपलब्ध कराई गई है। जिसे 12 हजार 25 लोगों को लगेगा। गोरखपुर से देर शाम वाहन से वैक्सीन पहुंची, जिसे जनपदीय कोल्ड चेन सेंटर में रखा गया है। अब मकर संक्रांति के बाद 16 जनवरी को टीका लगाया जाएगा। एक सत्र में 16 केंद्रों पर सोलह सौ मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ का टीकाकरण होगा। इस कार्य में सोलह टीमें लगाई जाएंगी।
कोविड टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद है। बुधवार को सीएमओ के निर्देश पर वैक्सीन लाने के लिए वाहन को गोरखपुर भेजा गया। वहां एडी आफिस स्थित वैक्सीन भंडार से चौदह हजार सात सौ (14,700) कोरोना वैक्सीन (कोविशील्ड) उपलब्ध कराई गई। इसके बाद वाहन शाम को बाबू मोहन सिंह जिला अस्पताल परिसर स्थित कोल्ड चेन सेंटर पहुंचा, जहां सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय, नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कोरोना वैक्सीन (कोविशील्ड) को सुरक्षित रखा गया। टीकाकरण को लेकर तैयारी कर ली गई हैं। इसे लेकर पूर्वाभ्यास भी कर लिया गया है। शासन ने टीकाकरण के लिए 16 जनवरी का दिन निश्चित किया है। इस दिन एक सत्र में सोलह सौ मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 16 टीमें तैनात की जाएंगी। टीकाकरण केंद्र के इंट्री गेट पर सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। पहला कमरा वेटिंग रूम होगा, जहां टीकाकरण कराने वाले लाभार्थियों को बैठाया जाएगा। दूसरा कमरा वैक्सीनेशन रूम होगा, जहां लाभार्थियों को टीका लगाया जाएगा। यहां चिकित्सकों की एक टीम स्टाफ नर्स के साथ मौजूद रहेगी। तीसरा कमरा ऑब्जरवेशन रूम कहलाएगा, जिसमें टीकाकरण के बाद लाभार्थियों को करीब आधे घंटे तक निगरानी रूम में रहना होगा।
इन केंद्रों पर होगा टीकाकरण
देवरिया। जिले में 16 केंद्रों पर टीकाकरण कार्य होगा। इसमें बाबू मोहन सिंह जिला चिकित्साल, जिला महिला अस्पताल के अलावा सीएचसी बरहज, रुद्रपुर, गौरीबाजार, सलेमपुर, पीएचसी बैतालपुर, देसही देवरिया, तरकुलवा, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, भटनी, भाटपाररानी, लार, भागलपुर व चकियवां ढाला केंद्र शामिल हैं।
वैक्सीनेशन अभियान को लेकरं आज होगी बैठक
देवरिया। कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान के सफल संचालन के लिए बृहस्पतिवार को जनपदीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक धनंवरित सभागार आयोजित की जाएगी। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि डीएम अमित किशोर की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में एसपी, सीडीओ, एसडीएम सदर, बरहज, रुद्रपुर, भाटपाररानी, सलेमपुर, जिला चिकित्सालय व जिला महिला अस्पताल की सीएमएस, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी एसीएमओ, जिला पंचायत राज अधिकारी, सीएचसी के अधीक्षक, पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी, एनपीएसपी के एसएमओ, यूनिसेफ के डीएमसी, जिला कोल्ड चेन प्रबंधक, मलेरिया अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जिले को 14,700 डोज कोविड वैक्सीन मिली है। गोरखपुर से पूरी सिक्योरिटी के साथ वैक्सीन वैन से लाया गया है। वैक्सीन को जनपदीय कोल्ड चेन सेंटर में रखा गया है। टीकाकरण को लेकर तैयारी कर ली गई है। टीकाकरण केंद्र व वैक्सीन रखने की व्यवस्था कर ली गई है। कोल्ड चेन मेंटेन करने के लिए इंतजाम किए गए हैं। शासन स्तर से 16 जनवरी को टीकाकरण की तिथि निश्चित की गई है। इस दिन एक सत्र में सोलह सौ मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ को टीका लगाया जाएगा। -डॉ. आलोक पांडेय, सीएमओ