छापे से पहले लीक हुई सूचना, संचालक भूमिगत
छह मुखी चौराहा पर अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच के लिए पहुंची थी टीम
एसीएमओ ने रजिस्टर्ड डाक से भेजा नोटिस, तीन दिन के अंदर मांगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारी से पहले सूचना लीक हो गई। टीम के पहुंचने से पहले संचालक अंदर से सेंटर का फाटक बंद कर लिया। कुछ दूर इंतजार के बाद टीम बैरंग वापस लौट गई। एसीएमओ ने संचालक को नोटिस भेजकर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब नहीं देने पर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।
मानक को दरकिनार कर अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों के खिलाफ अभियान चल रहा है। सोमवार को दोपहर में सदर एसडीएम रामकेश यादव, एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ शहर के छहमुखी चौराहे पर अभय अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंचे। सेंटर में अंदर से ताला बंद था। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि अभी कुछ देर पहले खुला था। इसी सेंटर में दूसरी मंजिल पर संचालक का परिवार भी रहता है। कर्मचारियों के आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। करीब एक घंटे इंतजार करने के बाद टीम लौट गई। एसीएमओ ने अल्ट्रासाउंड संचालक को रजिस्टर्ड डाक से नोटिस भेजा गया है। इसमें तीन दिन के अंदर सेंटर के कागजात के साथ स्पष्टीकरण मांगा है। तय समय के अंदर जवाब नहीं देने पर लाइसेंस निरस्त करने और केस दर्ज कराया जाएगा। इस बाबत एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अल्ट्रासाउंड संचालक उसी मकान में रहता है। टीम के पहुंचने पर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसे नोटिस दिया गया है।