जिला अस्पताल परिसर में सफाई करते मजदुर।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। जिला और महिला अस्पताल को कायाकल्प योजना के तहत नंबर-1 रैंकिंग देने के लिए जिला प्रशासन जुट गया है। अस्पताल की रंगाई-पोताई और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने में महकमा जुटा है। दोनों अस्पतालों में 100 से अधिक वर्कर गैर विभागों से लगाए गए हैं। खुद डीएम इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गुरुवार को फिर डीएम ने अस्पताल पहुंचकर वहां चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
कायाकल्प योजना के तहत जिला और महिला अस्पताल की रैंकिंग तय होनी है। नंबर वन रहने वाले अस्पताल को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। जिला व स्वास्थ्य प्रशासन हर हाल में जिले को नंबर-वन रैंकिंग दिलाने के लिए कमर कस चुका है। चार दिन के लिए जिले में शासन स्तर की तीन सदस्यों की टीम जांच करने आ रही है। इससे पहले अस्पतालों को बेहतर बनाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास शुरू हो गया है। एक सप्ताह से दोनों अस्पतालों से तेज गति से काम चल रहे हैं। अस्पताल की रंगाई पूरी हो चुकी है। बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों के लिए कैंपस में वाहन स्टैंड भी बना दिया गया। परिसर में पार्क को भी शानदार तरीके से सजाया जा रहा है। नगर पालिका, पीडब्लूडी, वन विभाग से 100 से अधिक वर्करों को डीएम ने इसके लिए ड्यूटी लगाया है। दोनों अस्पतालों के वार्डों में करीब 20 एग्जास्ट फैन लगाने का निर्देश दिया। अस्पताल के अंदर व कैंपस की दीवारों पर थ्रीडी वाल पेंटिंग का निर्देश दिया है। इन दीवारों पर देश के महापुरुषों की तस्वीर होगी और स्वच्छता जागरूकता, नारी सशक्तिकरण जागरूकता समेत कई स्लोगन लिखे जाएंगे। सभी का प्रयास एक ही है कि जांच में कहीं से कोई खामी न मिले, ताकि महिला और जिला अस्पतालों को नंबर वन का रैंक मिल सके। डीएम के साथ सीएमएस डॉ. छोटेलाल, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. माला सिन्हा, डॉ. सौरभ द्विवेदी, डॉ. शुभलाल साह आदि मौजूद रहे।
नगर पालिका, पीडब्लूडी, वन विभाग से 100 से अधिक वर्करों लगे हैं
वार्डों में करीब 20 एग्जास्ट फैन लगाने का निर्देश दिया।
मुख्य द्वार पर लगेगा पूरे परिसर का ले-आउट
जिला अस्पताल के पूरे परिसर का ले-आउट तैयार कर मुख्य गेट के पास होर्डिंग के रूप में लगाया जाएगा। मकसद यह है कि यहां आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को हर हिस्से की जानकारी होर्डिंग देखकर हो जाए, जिससे उन्हें भटकना न पड़े। डीएम ने बुधवार को निरीक्षण के दौरान सीएमएस को इस बारे में निर्देश भी दे दिया है।