देवरिया। वैश्य महासभा की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें सात अक्तूबर को जीआईसी के मैदान में आयोजित वैश्य महासम्मेलन में शामिल हुए सयुस जिलाध्यक्ष धर्मवीर गुप्ता को पद से हटाए जाने पर असंतोष जताया गया। सपा नेतृत्व के इस कार्रवाई की निंदा करते हुए पूरे समाज ने धर्मवीर गुप्ता के पक्ष में एकजुटता प्रदर्शित की।
वक्ताओं ने कहा कि वैश्य महासम्मेलन का आयोजन किसी राजनीतिक पार्टी की ओर से नहीं हुआ था और न ही कोई राजनीतिक आयोजन था। यह सिर्फ वैश्य समाज के लोगों का सम्मेलन था और उसी समाज से होने के नाते जिला पंचायत सदस्य धर्मवीर गुप्ता इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। विरोधियों ने इसे राजनीतिक रंग देते हुए धर्मवीर को सयुस जिलाध्यक्ष के पद से हटवा दिया है। यह उचित नहीं है। कोई भी व्यक्ति अपने समाज की एकता, मजबूती पर विचार रख सकता है। इसे किसी पार्टी विशेष से जोड़कर देखना अनुचित है। धर्मवीर गुप्ता पर साजिश के तहत कार्रवाई की गई है। ऐसा कर सपा ने पूरे वैश्य समाज का अपमान किया है। पूरा समाज इससे आहत है। बैठक में महासम्मेलन को सफल बनाने में सक्रिय लोगों का आभार जताते हुए आगे भी वैश्य समाज की एकजुटता के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने की। इस मौके पर मंडल उपाध्यक्ष रामचंद्र जायसवाल, अशोक जायसवाल, सत्येंद्र, राजेश जायसवाल, जिलाध्यक्ष अमित मोदनवाल, सुनील वर्मा, अटलजी बरनवाल, कृपानिधान मद्धेशिया, वेदप्रकाश जायसवाल, गिरजेश त्यागी, अजीत साहू, लल्लू जायसवाल आदि मौजूद रहे।