बाबाधाम स्पेशल ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
प्वाइंटर
- भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार को हुआ हादसा
- गोरखपुर के राजघाट के खोखा टोला का रहने वाला था विक्की
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बाबाधाम स्पेशल ट्रेन से देवघर से लौट रहे एक युवक की भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। साथियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकने की कोशिश की लेकिन रोक नहीं लके। भटनी रेलवे स्टेशन पर उतरकर साथियों ने पुलिस को जानकारी दी। भाटपाररानी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर, राजघाट थानाक्षेत्र के खोखा टोला निवासी विक्की यादव (23) पुत्र महेश यादव बाबा बैजनाथ धाम गया था। देवघर में जलाभिषेक के बाद वह बाबाधाम स्पेशल ट्रेन से घर लौट रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे ट्रेन भाटपाररानी रेलवे स्टेशन से आगे चल रही थी। इसी दौरान गेट पर खड़ा विक्की अचानक ट्रेन से गिर गया। भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही विक्की के साथियों ने जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने भाटपाररानी पुलिस को मामले की जानकारी दी।
---
इनसेट में
डेयरी का काम करता था विक्की
देवरिया। गोरखपुर के राजघाट थानाक्षेत्र के खोखा टोला निवासी विक्की यादव तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई अमित और छोटा अर्जुन यादव है। विक्की डेयरी का काम कर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। साथियों संग वह बाबाधाम में जल चढ़ाने गया था। उसे क्या पता था कि यह उसकी अंतिम यात्रा होगी। उसकी मां इंदू देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।