देवरिया। फीडर का केबल ब्लास्ट होने के कारण रामलीला मैदान विद्युत उपकेंद्र से लगातार 18 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। शनिवार रात गुल हुई बिजली रविवार देर शाम आई। उपकेंद्र के चारों फीडरों से जुड़े आधे शहर से अधिक क्षेत्र मेें अघोषित कटौती से हाहाकार मचा रहा। उमसभरी गर्मी में लोग छटपटाते रहे। पूरी रात लोगों ने जाग कर बिताई तो सुबह पानी के लिए भी भटकना पड़ा। कटौती के दौरान उपभोक्ता बार-बार निगम के अफसरों के सीयूजी नंबर डॉयल करते रहे, मगर किसी ने कोई रिस्पांस नहीं दिया। इससे नाराज लोगों ने सुबह उपकेंद्र पर पहुंच अपनी भड़ास भी उतारी।
रामलीला मैदान विद्युत उपकेंद्र के हनुमान मंदिर फीडर का आउट गोइंग केबिल शनिवार की रात करीब 12 बजे अचानक ब्लास्ट हो गया। ड्यूूटी पर तैनात एसएसओ राजेश चौरसिया बाल-बाल बच गए। 10 एमबीए ट्रांसफार्मर में करंट वापस जाने से अर्थिंग स्टीप कट गया, जिससे रेलवे स्टेशन, भुजौली और टाउन फीडर बंद हो गए। इसके चलते उमानगर, इंदिरा नगर, भुजौली कॉलोनी, रामनाथ देवरिया, राघव नगर, तहसील रोड, कैलाशपुरी, सीसी रोड, हनुमान मंदिर समेत आधे शहर से अधिक की बिजली ठप हो गई। उमसभरी गर्मी से परेशान लोग रात को सो नहीं सके। बिजली निगम के कर्मचारियों ने रात में खराबी दूर करने की कोशिश भी नहीं की। भोर में कुछ मोहल्ले के लोग उपकेंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन वहां पर कोई कर्मचारी नहीं था। लोगों के दबाव को देखते हुए रविवार को सुबह 8 बजे एसडीओ पहुंचे। इनके पहुंचने के एक घंटे बाद जेई अमित प्रताप सिंह व अन्य कर्मचारी पहुंचे। इसके बाद केबिल को बदलने का कार्य शुरू हुआ। एक्सईएन यूसी मिश्रा ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
देवरिया। दो दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। शनिवार की रात बिजली गुल होने के बाद लोग परेशान हो गए। एसडीओ, एक्सईएन और जेई के सीयूजी नंबर पर लोग संपर्क करने लगे, लेकिन किसी भी कर्मचारी का मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। कैलाशपुरी के एसएन त्रिपाठी, इंदिरा नगर के नरेंद्र सिंह, भुजौली के रविंद्र राव का कहना है कि उपकरण जर्जर होने और निगम की लापरवाही के कारण बिजली प्रभावित हो रही है। रात को खराबी को ठीक करने के लिए कोई भी बिजली कर्मचारियों ने प्रयास नहीं किया। गर्मी में परेशानी तो हुई ही सुबह पानी के लिए तरसना पड़ा।
लार में ठप रही रातभर बिजली
सलेमपुर/लार। विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 200 गांवों की आपूर्ति शनिवार की आधी रात तक ठप रही। विद्युत निगम के कर्मचारियों के प्रयास के बाद किसी तरह आपूर्ति बहाल हुई। सलेमपुर मुख्य बिजली घर से लार उपकेंद्र को आपूर्ति मिलती है। शाम को करीब 6 बजे औरंगाबाद के समीप अचानक मेन लाइन का तार टूट गया। इसकी वजह से लार विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते नगर सहित गांव के लोग परेशान रहे। जेई आरपी गुप्ता ने बताया कि मुख्य लाइन का तार टूटने से आपूर्ति रात को ठप थी। उसे ठीक कर बहाल किया गया। उधर, सलेमपुर के भरौली वार्ड में लगा 400 केबीए का ट्रांसफार्मर शनिवार की रात अचानक जल गया। इसकी वजह से मोहल्ले की आपूर्ति ठप हो गई।
ओवरलोड के नाम पर जमकर हो रही कटौती
खुखुंदू। उमसभरी गर्मी में विद्युत कटौती से लोग बेहाल हैं। कंट्रोल से रात को दो-दो घंटे लगातार कई बार कटौती का सिलसिला जारी है। कंट्रोल की मनमानी से शेड्यूल के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही हैं। उधर, दिन में भी कटौती होने से काफी परेशानी हो रही हैं। विद्युत उपकेंद्र से बैदौली, सोनबरसा और गड़ेर तीन फीडरों के माध्यम से कस्बा सहित तीन सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। जर्जर तार और पोल होने से बिजली व्यवस्था आए दिन ध्वस्त हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी गड़ेर फीडर से है। हर घंटे पर कही न कही तार टूटकर गिरने की सूचना आती रहती है। हाल ही में बसडीला गांव के कबूरगाह के पास तार टूट गया। काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। रात में घटना होने से कोई हताहत नहीं हुआ। जब भी तार टूटकर गिरता है, घंटों तक आपूर्ति प्रभावित रहती है। जब सब कुछ ठीक रहता है तो कंट्रोल ओवरलोड की समस्या बताकर रात को कई बार घंटों तक बिजली काट देता है। लोगों ने कटौती पर अंकुश लगाने और शेड्यूल के मुताबिक बिजली मुहैया कराने की मांग की है। जेई राजकुमार राम ने कहा कि शेड्यूल हमेशा बदलता रहता है। कंट्रोल से कटौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी।
सलेमपुर। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की अघोषित कटौती शुरू हो गई है। रात में कंट्रोल के आदेश पर सब स्टेशन की बिजली हर डेढ़ घंटे पर काटी जा रही है। वहीं शनिवार की रात सलेमपुर तहसील फीडर की बिजली डेढ़ घंटे कटी रही। कंट्रोल के आदेश पर ट्रांसमिशन केंद्र से हर डेढ़ घंटे पर बिजली की कटौती हो रही है। बी ग्रुप में लार, सतरांव, कुंडौली, खुखुंदू, भटनी व तेलिया कला सब स्टेशन शामिल हैं। इस ग़्रुप के उपभोक्ताओं को रात में हर डेढ़ घंटे पर हो रही बिजली की कटौती ने परेशान कर दिया है। शनिवार रात को 7.20 बजे पर बिजली कट गई। उसके बाद 8.50 बजे रात में चालू हुई। रात में 10.50 बजे फिर बिजली चली गई। करीब डेढ़ से दो घंटे तक लोगों को बिजली आने का इंतजार करना पड़ा। रात में करीब एक बजे बिजली मिली तो 4 बजे भोर में कट गई। यानी हर डेढ़ पर बिजली आने-जाने से लोग पूरी रात सो नही सके।
कटौती से नाराज युवकों ने एक्सईएन का पुतला फूंका
भटनी। बिजली निगम की लापरवाही से कई गांवों में सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे नाराज युवकों ने रविवार को चंदौली गांव में एक्सईएन राममूरत राम का पुतला फूंका और नारेबाजी की। बिजली निगम की मानमानी लोगों पर भारी पड़ रही है। नगर को छोड़ गांवों में बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई है। चंदौली, भरहेचौरा और छावनी टोला पर तीन दिनों से बिजली नहीं आ रही है। इसके अलावा जिगिना मिश्र, उसका, सोनवर्षा, बनकटिया गांव में शनिवार रात से बिजली नहीं है। रविवार को लोगों ने जेई गोरख प्रसाद गुप्ता को फोन कर इसकी शिकायत की। आरोप है कि जेई ने केस दर्ज कराने की धमकी दी। इससे नाराज युवकों ने एक्सईएन का पुतला फूंका और नारेबाजी की। पुतला फूंकने वालों में मोनू तिवारी, हरिओम सिंह, कृष्णा सिंह, अखिलेश बाबा, सन्नी, रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। जेई ने बताया कि लोकल फाल्ट के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित रह रही है। मोबाइल पर फोन कर युवक बेवजह की बातें कर रहे हैं।