देवरिया। फर्जी टीसी पर हाईस्कूल की परीक्षा पास कराने वाले महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य समेत पांच लोगों पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज की है। डीएम के निर्देश पर हुई जांच में अभिलेखों में की गई जालसाजी उजागर हुई। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने की है।
रामपुुर कारखाना थानाक्षेत्र के पकड़ी बुजुर्ग गांव निवासी सोनू सिंह ने किसान इंटर कॉलेज मुसहरी देवरिया से वर्ष 2014 में फर्जी तरीके से आठ का टीसी जारी कराया। इसके बाद नौवीं क्लास में महाराज अग्रसेन इंटर कॉलेज देवरिया में नामांकन कराया और हाईस्कूल पास किया। रामपुर कारखाना के सवरेजी मनी गांव निवासी दिनेश गुप्ता ने किसान इंटर कॉलेज सेे सूचना अधिकार के तहत टीसी जारी करने की जानकारी मांगी। इसमें कॉलेज की ओर से कहा गया कि सोनू सिंह नाम के छात्र को कोई टीसी जारी नहीं की गई है। इसकी शिकायत उसने डीएम से की। डीएम ने तत्कालीन डीआईओएस को जांच का निर्देश दिया। डीआईओएस ने महाराज अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को जालसाजी करने वाले छात्र पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया, लेकिन प्रधानाचार्य मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस इस मामले में 14 दिन पूर्व महाराज अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गोपाल दत्त शुक्ल, पकड़ी बुजुर्ग गांव निवासी रामकेवल सिंह, मुन्ना सिंह, छात्र सोनू सिंह, पावित्री देवी पर जालसाजी और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। कोतवाल नीतिश श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।