11 शिक्षकों को नोटिस, दो दिन में मांगा जवाब
डीएम के निरीक्षण के दौरान कार्यालय में घूमते मिले थे शिक्षक
देना होगा जवाब, स्कूल छोड़ किसके आदेश पर आए थे शिक्षक
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। डीएम के निरीक्षण के दौरान बीएसए कार्यालय में अनधिकृत रूप से घूमते मिले 11 शिक्षकों नोटिस जारी की गई है। बीएसए ने सभी शिक्षकों को दो दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है कि विद्यालय अवधि में किसके आदेश से वह बीएसए कार्यालय में आए थे। बीईओ से अवकाश लिया गया था या नहीं। शिक्षकों के इसके साक्ष्य भी उपलब्ध कराने होंगे।
लगातार गड़बड़ियों की मिल रही शिकायत के मद्देनजर डीएम अमित किशोर ने गुरुवार को बीएसए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई बाहरी लोग कार्यालय में घूमते पाए गए। उनकी ओर से कार्यालयी कार्यों में दखलंदाजी की भी बात सामने आई। विद्यालय अवधि में बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति से विद्यालय न छोड़ने की स्पष्ट हिदायत के बावजूद शिक्षकों के कार्यालय में मौजूद रहने को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। डीएम की हिदायत के बाद बीएसए ने इन सभी शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्हें दो दिनों की मोहलत देते हुए लिखित जवाब देने का निर्देश हैं। उनसे पूछा गया है कि वह विद्यालय अवधि में किसकी अनुमति से आए हैं और इसके लिए बीईओ से अवकाश लिया था नहीं। अवकाश स्वीकृति का दस्तावेज भी उन्हें प्रस्तुत करना होगा। बीएसए ने बताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इन्हें दिया गया नोटिस
प्राथमिक विद्यालय बनकटा के सहायक अध्यापक सुनील कुमार, प्राथमिक विद्यालय विशुनपुरा के अनिल कुमार गौतम, पूमावि. पदमपार के रुपकुमार, प्रा.वि.छपरा बुजुर्ग के मनोज कुमार, पकड़ी बाबू के प्रधानाचार्य दिनेश सिंह, प्रा.वि.मदनपुर के सरोज कुमार, प्राथमिक विद्यालय बनकटा के लक्ष्मीनारायण, पूमावि.मेदीपट्टी के सुभाष चंद्र, प्रा.वि.छेरियां रविकांत प्रसाद, बांकी-2 के सहायक अध्यापक जयपकाश यादव और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नरेंद्र सिंह को नोटिस दी गई है।