राष्ट्रीय ग्रामीण डाक सेवक संघ ने प्रधान डाक घर पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों का लाभ नहीं दिए जाने से नाराज ग्रामीण डाक कर्मचारियों ने गुरुवार को अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। प्रधान डाकघर परिसर में धरने पर बैठे डाक कर्मचारियों ने नौ दिनों से चल रहे आंदोलन के प्रति जिम्मेदारों की अनदेखी पर नाराजगी जताई। आंदोलन को उग्र रुप देने की चेतावनी दी।
अर्धनग्न प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रांतीय अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गांव-गांव तक समय से डाक पहुंचाने वाले कर्मचारियों की अनदेखी चिंताजनक है। 22 मई से डाक कर्मचारी आंदोलित है, मगर किसी भी जिम्मेदार ने सुध लेने में रुचि नहीं दिखाई है। ग्रामीण डाक कर्मचारियों को नियमित करने के लिए कोर्ट का भी आदेश हो चुका है, बावजूद टालमटोल किया जा रहा है। सरकार की मनमानी अब आगे नहीं चलेगी। धरना स्थल पर डाक कर्मचारी ने शर्ट उतार कर सरकार विरोधी नारे लगाए। लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में अखिलेश मिश्र, रवींद्र सिंह, महेंद्र यादव, उपेंद्रनाथ मिश्र, वीरेंद्र शुक्ला, सत्यपाल, भास्कर पांडेय, दयानंद, चंद्रिका बरनवाल, अजय सिंह, आशीष दुबे, रजनीकांत, तेजबहादुर, राजकिशोर, हाकिम, उमेश, सूर्यनाथ सिंह, अशोक, चंद्रप्रकाश पांडेय, हरिशंकर तिवारी, गोविंद सिंह, आदि शामिल रहे।