देवरिया। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है। जिले में 256 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इंटर के 88466 और हाईस्कूल के 125581 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
शिक्षा विभाग के अधिकारी सोमवार को परीक्षा की तैयारियों में व्यस्त रहे। डीआईओएस कार्यालय में गहमागहमी का माहौल रहा। परीक्षा केंद्रों पर कॉपियां और पेपर भेजे जा चुके हैं। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिला प्रशासन ने नकल करने और कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दिया गया है।
जिले में दो राजकीय, 105 वित्तपोषित और 149 वित्तविहीन विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में संस्थागत 44956 बालिका व 75647 बालक तथा व्यक्तिगत 1085 बालिका व 3893 बालक परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट में संस्थागत 35324 बालिका व 47890 बालक तथा व्यक्तिगत 1660 बालिका व 3592 बालक परीक्षा में शामिल होंगे। एसपी राकेश शंकर ने थानेदारों को परीक्षा केंद्रों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया है। अतिसंवेनशील और संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र
- ठाकुर प्रसाद राव गणतंत्र इंटर कॉलेज देसही देवरिया, मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज भाटपाररानी, देवरहा बाबा इंटर कॉलेज देवरिया, आदर्श जनता रणजीत सिंह उ.मा.वि. सवरेजीरुप, नानाजी सहदेव इंटर कॉलेज चकरवां बहोरदास सलेमपुर, श्रीराम आदर्श इंटर कॉलेज भटौली खुर्द।
इनसेट
संवेदनशील परीक्षा केंद्र
- श्रीराम इंटर कॉलेज तेलिया कला, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज हाता, भगवान परशुराम धाम इंटर कॉलेज सोहनाग, श्रीदुर्गाजी इंटर कॉलेज सोहनरिया, किसान इंटर कॉलेज बर्दगोनिया, श्रीनीलकंठ इंटर कॉलेज बारादीक्षित, बापू इंटर कॉलेज पोखरापार, श्रीरामजतन स्मारक इंटर कॉलेज कोइलसवां, प्रेस्टिज ट्यूटोरियल इंटर कॉलेज, सम्पत्त इंटर कॉलेज खोराराम, बीआरडी इंटर कॉलेज मड़पही नोनापार, सवारी देवी इंटर कॉलेज, बेगम जलालुद्दीन बालिका इंटर कॉलेज भटनी दादन, एमएएच इंटर कॉलेज लक्ष्मीपुर तरकुलवां, सैय्यद मीर इब्राहीम बालिका इंटर कॉलेज करजहां, भारत भारती श्रीयमुना जगन्नाथ इंटर कॉलेज भरथुआ, रामधारी द्विवेदी इंटर कॉलेज सल्लहपुर, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज कुर्मीपट्टी, ज्ञान ज्योति इंटर कॉलेज बेलवा बाजार सेमरहियां, नैन कुमार जगत नारायण इंटर कॉलेज सकतुआ बुजुर्ग।
इनसेट
पांच उड़ाका दल बनाए गए
- बोर्ड परीक्षा में नकल पर अंकुश लगाने के लिए पांच उड़ाका दल बनाए गए हैं। ये दल रामपुर कारखाना स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में बनाए गए हैें।
इनसेट
तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों की भी ड्यूटी लगी
- बोर्ड परीक्षा पर तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी निगाह रखेंगे। पांच जोनल मजिस्ट्रेट्र व 34 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा 256 परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।