देवरिया। लोन दिलवाने के नाम पर जालसाजों ने एक महिला को गारंटर बनाकर 25 लाख रुपये का लोन ले लिया। बैंक से नोटिस पहुंचने के बाद महिला को इस बारे में जानकारी हुई। अब महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवरिया खास मोहल्ला की रहने वाली रमावती पत्नी श्रीकांत का कहना है कि एक साल पहले उन्हें पैसे की जरूरत थी। वह बैंक से लोन कराना चाह रही थी। सतीश और सुभाष नाम के दो युवक उनके संपर्क में आए, उन्होंने लोन दिलवा देने की बात कही। मोहल्ले के कुछ लोगों ने उनके माध्यम से लोन कराया था। युवकों ने कागजात तैयार कराया। महिला का कहना है कि कि एक दिन बैंक से मैनेजर आए और घर का नक्शा, जमीन का कागजात आदि लिया। वह इंतजार कर रही थी कि उसको रुपये मिलेंगे, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद लोन नहीं हो पाया। दो दिन पहले पंजाब नेशनल बैंक की कसया रोड शाखा से नोटिस आया कि रुपये नहीं जमा हो रहे हैं। इसके बाद रमावती परेशान हो गई। पता करने पर जानकारी हुआ कि उसे गारंटर बनाकर दोनों ने 25 लाख रुपये का लोन ले लिया है। अब दोनों फरार हो गए हैं। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।