सलेमपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में 5 जून से 21 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं विकास उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में भाजपा मंडल सलेमपुर एवं लार रोड के संयुक्त तत्वावधान में सोहनाग स्थित परशुराम धाम मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर पूजन-अर्चन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में देश के इतिहास में दर्ज हुए हैं।
इन वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है और एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए करोड़ों गरीब परिवारों तक आवास, निशुल्क राशन, स्वास्थ्य बीमा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णय सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प शक्ति के प्रतीक हैं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, अभय सिंह, जिला मंत्री अभिषेक जायसवाल, कन्हैया जायसवाल, अमरेश सिंह, जटाशंकर दूबे, राकेश राजभर, अशोक तिवारी, अतुल मिश्रा, शिवाकांत तिवारी माैजूद रहे।