बरहज/भलुअनी। क्षेत्र के बंगरौली गांव निवासी देवकी पुत्र रामनजर का जालसाजों ने एटीएम बदलकर उनके खाते से एक लाख सोलह हजार रुपये उड़ा दिया। जानकारी होने पर खलबली मच गई। बंगरौली निवासी देवकी कुछ दिन पूर्व भलुअनी चौराहा स्थित एटीएम से पैसा निकालने गए थे।
लोगों के अनुसार जहां पहले से मौजूद जालसाज ने उनका एटीएम बदल दिया। बताया जा रहा है कि एक जालसाज उन्हें अपनी बातों में उलझा दिया, जबकि वहां पहले से मौजूद एक अन्य ने आसानी से उनका एटीएम बदल दिया। मोबाइल पर रुपये निकासी का मैसेज आने पर देवकी के होश उड़ गए।
वह जब तक एटीएम ब्लॉक कराते, जालसाजों ने उनके खाते से एक लाख सोलह हजार रुपये निकाल लिए। भलुअनी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जालसाज जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। संवाद