देवरिया। किसानों से यूरिया का अधिक कीमत वसूलने वालों पर केस दर्ज होगा। कृषि विभाग के अफसरों ने ऐसा निर्देश जारी किया है। विशाखापटनम से इफ्को की यूरिया सोमवार को 44 हजार बोरी आई। किसानों को यूरिया की कमी नहीं होने का दावा विभागीय अफसर कर रहे हैं।
रबी की बुआई के बाद किसानों में यूरिया की मांग बढ़ गई है। दिसंबर में यूरिया का तीन रैक यानी 1.32 लाख बोरी आ चुका है। जिले में यूरिया की किल्लत न हो इसके लिए कृषि विभाग सतर्क है। साधन सहकारी समितियों और पीएसीएफ के अलावा प्राइवेट दुकानदारों को यूरिया पर्याप्त मात्रा में दी गई है। यूरिया की बिक्री रेट 327 रुपये विभाग की ओर से जारी है। इससे अधिक रेट वसूलने वाले दुकानदारों या सचिव पर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। जिला कृषि अधिकारी विकेश पटेल ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया की उपलब्धता है। सभी साधन सहकारी समिति और दुकानदारों ने चेक जमा किया है। कागजी खानापूर्ति के बाद यूरिया दी जाएगी। निर्धारित कीमत से अधिक रकम लेने पर केस दर्ज कराया जाएगा।