जिलाधिकारी आवास के सामने फटा जलकल का पाईप।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर के कई ऐसे मोहल्ले है, जहां पाइप लाइनों में लीकेज है। ऐसे में लोगों के घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इसकी वजह से लोग संक्रामक बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। डीएम आवास के मुख्य गेट से सटे दक्षिण तरफ पाइप लाइन में लीकेज है। जबकि प्रतिदिन इसी रास्ते से डीएम भी गुजरते हैं। लेकिन इस पर उनकी नजर नहीं पड़ रही है। ऐसे में अन्य मोहल्लों में लीकेज कब सही होगी, यह भगवान भरोसे है। इतना ही नहीं कई मोहल्लों में पाइप लाइन तक क्षतिग्रस्त है। इससे सड़क तो टूट ही रही है, साथ में दूषित पानी की आपूर्ति भी हो रही है।
रामगुलाम टोले के शास्त्रीनगर में रमावती पांडेय के घर के सामने कई महीनों से सड़क पर पाइप लाइन टूटी है। मोहल्ले के लोग कई बार शिकायत भी कर चुके हैं। लेकिन जलकल महकमा जाग नहीं रहा है। रमावती पांडेय का कहना है कि मोहल्ले में सरकारी पेयजल की आपूर्ति शुरू हुए एक साल ही हुआ है। इसके बाद यह यह हाल है। बताया कि इन्हीं कारणों की वजह से आपूर्ति वाले पानी का इस्तेमाल करना बंद कर दी हूं। इसी मोहल्ले में शांति जायसवाल के घर के पास भी पाइप लाइन में लीकेज है। कसया रोड पर ओवरब्रिज के नीचे भी दो जगहों पर पाइप लाइन में लीकेज है। कसया रोड निवासी सेराज मंसूरी और विशाल शर्मा के मकान के पास सड़क पर पानी बह रहा है। कोतवाली से मारवाड़ी स्कूल जाने वाले मार्ग पर काली मंदिर के पहले भी बिजली के पोल के पास पाइप लाइन में लीकेज है। लेकिन इस पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ रही। इस बाबत जलकल विभाग के अभियंता ने कहा कि पाइप लाइन में लीकेज की जानकारी नहीं है। सोमवार को कार्यालय खुलने पर लीकेज की समस्या दूर कराई जाएगी।
आंदोलन का मूड बना रहे लोग
पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइनों में लीकेज से मोहल्लेवासी आजिज हैं। कसया रोड के ओवरब्रिज के नीचे रहने वाले सेराज मंसूरी और विशाल शर्मा का कहना है कि एक साल से पाइप लीकेज की शिकायत कर रहे हैं। नवनिर्वाचित नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह जब इसके पहले अध्यक्ष थीं, तब भी शिकायत की गई थी। मगर कोई हल नहीं निकला। गरुड़पार के रतन का कहना है कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत करने पर विभागीय कर्मचारी पानी का प्रेशर कम कर देते हैं। इन लोगों ने कहा कि अगर जल्द ही लीकेज की समस्या दूर नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।