देवरिया। नोटबंदी के एक साल पूरा होने पर कांग्रेस ने बुधवार को काला दिवस मनाया। जुलूस निकाल कर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नोटबंदी ने लोगों का रोजगार छीन लिया। बड़े शहर में रहकर काम करने वाले लोग घर लौट आए हैं। नोटबंदी का फायदा भाजपा के करीबियों को हुआ। उन्होंने अवैध धन को वैध कर लिया।
टाउनहाल स्थित कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकाला। यह सुभाष चौक, सिविल लाइंस, पोस्ट ऑफिस, कचहरी चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। यहां चार सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह राकेश ने कहा कि आज ही के दिन भाजपा सरकार ने एक हजार और 500 के पुराने नोटों के चलन पर रोक लगाई थी। कांग्रेस इसे काला दिवस के रूप में मना रही है। इस तत्कालिक फैसले के कारण अपने ही रुपये को बैंकों से निकालने के लिए लाइनों में लगे कई लोगों की जान चली गई। नोटबंदी की वजह से उद्योग-धंधे चौपट हो गए। बड़ी संख्या में कामगार, मजदूर-कर्मचारी बेरोजगार होकर सड़क पर आ गए। नोटबंदी भाजपा सरकार का पूर्व नियोजित कार्यक्रम का हिस्सा था। भाजपा अपने चहेतों को लाभ पहुंचाना चाहती थी। पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी ने कहा कि नोटबंदी का खामियाजा भाजपा को लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। बिस्मिल्लाह लारी ने कहा कि नोटबंदी ने बेरोजगारी बढ़ा दी है। रामजी गिरी ने कहा कि झूठ की बुनियाद पर केंद्र में सत्ता हासिल करने वाली मोदी सरकार के दिन अब करीब आ गए हैं। अरविंद शाही ने कहा कि जनता भाजपा की चाल जान चुकी है। इस दौरान जुलेखा खातून, ऋषभ शुक्ला, एसके निगम, मनोज सिंह, पारस चौहान आदि मौजूद रहे।
रालोद ने भी किया प्रदर्शन
देवरिया। नोटबंदी के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने भी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव वासुदेव यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नोटबंदी का निर्णय देशहित में नहीं है। जल्दबाजी में गलत निर्णय लिया गया है। मोदी ने देश को आर्थिक मंदी की तरफ धकेल दिया है। उद्योग-धंधे बंद हो गए हैं। लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं। महंगाई बढ़ गई है। किसान आत्म हत्या करने को मजबूर हैं। प्रदेश सचिव सर्वदानंद त्रिपाठी ने कहा कि झूठ के सहारे ज्यादा दिनों तक सत्ता पर काबिज नहीं रहा जा सकता है। जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान संदीप यादव, लालसा यादव, वेदप्रकाश शर्मा, रामनगीना प्रसाद, अब्दुल जब्बार, रमाशंकर प्रसाद आदि मौजूद रहे।
नोटबंदी का निर्णय असफल : सपा
देवरिया। समाजवादी युवजन सभा की बैठक कचहरी रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई। सयुस के जिलाध्यक्ष धर्मवीर गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार का नोटबंदी का निर्णय असफल है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से देश को काफी नुकसान हुआ है। भाजपा सरकार ने कहा था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद पर रोक लगेगी, लेकिन सब कुछ वैसे ही है। आर्थिक विकास दर नीचे गिर गया है। बेरोजगारी बढ़ गई है। मजदूरों को रोजगार मिलना मुश्किल हो गया है। किसान आत्महत्या करने का मजबूर हैं। इस दौरान अर्जुन यादव, बेलाल खान, अजय यादव, रामअशीष निषाद, चंद्रशेखर यादव, नौशाद अहमद आदि मौजूद रहे। उधर, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र राव ने कहा कि आठ नवंबर-2016 की रात एक हजार और 500 के नोट को प्रधानमंत्री ने रद कर जनता के समक्ष जो मुसीबत पैदा किया है, उसे लोग भूल नहीं पाए हैं। पूर्व सचिव संजय सिंह ने कहा कि नोटबंदी से कालाधन तो आया नहीं, भारतीय अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई।