अमर उजाला के तरफ से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान कार्यक्रम में मंचासीन जिलाधिकारी सुजीत कुमार, एडीआईओएस रामहजूर,बीएसए
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। प्रतिभा को सम्मान मिला तो चेहरे पर मुस्कान आनी लाजिमी थी। नई उमंग और नए सपनों के साथ जिले के मेधावी मंगलवार को सफलता के नए पथ पर आगे बढ़ने को संकल्पित हुए। उनमें जोश भरा जिले के आला अफसरों ने और मंच दिया ‘अमर उजाला’ ने। शहर के सीसी रोड पर स्थित होली एंजेल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान में यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड में जिले के टॉपर रहे 55 मेधावियों को ‘अमर उजाला’ ने सम्मानित किया। बतौर मुख्य अतिथि डीएम, बीएसए, एडीआईओएस और जीआईसी के प्रधानाचार्य ने बच्चों को मेडल पहनाया। प्रशस्ति पत्र दिया और जीवन पथ पर तरक्की की राह सुझाई।
दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत की औपचारिकताओं के शुरू हुए सम्मान समारोह में अतिथियों ने ‘अमर उजाला’ के पहल की सराहना की। कहा कि जिले के मेधावियों का सम्मान कर ‘अमर उजाला’ ने न सिर्फ उन्हें प्रोत्साहन दिया है, बल्कि अन्य बच्चों में भी अव्वल आने की ललक जगाई है। यह ललक ही उन्हें सफल बनाएगी। डीएम सुजीत कुमार ने बच्चों से सीधा संवाद करते हुए अनुशासन, कठिन परिश्रम और समयबद्धता को अपनाने पर जोर दिया। कहा कि कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं। चुनौतियों से घबराएं नहीं, उनका डटकर सामना करें। अभी वह एक परीक्षा की बाधा से पार हुए हैं, आगे की परीक्षा के लिए और कड़ी मेहनत करनी होगी। छात्राओं का आह्वान किया कि खूब पढ़ें और कोई बाधा आए तो उससे लड़ें भी। हर तरह की मदद के लिए शासन-प्रशासन तैयार हैं।
बीएसए संतोष कुमार देव पांडेय ने कहा कि यह सम्मान मेधावियों को नई ऊर्जा देगा, जिससे वह नए रास्तों की मुश्किलों को आसानी से दूर कर पाएंगे। एडीआईओएस रामहजूर प्रसाद ने कहा कि बच्चों ने जिले में नाम रोशन किया है, अब उन्हें प्रदेश में अपना, घर-परिवार और स्कूल का मान बढ़ाना है। जीआईसी के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि नकारात्मक भाव को मन से निकालकर सकारात्मक दृष्टि अपनाएं। मन को विकारों से दूर रखें और अभी से लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें। यह बच्चे देश के भविष्य हैं। इस सम्मान से उनका हौसला बढ़ेगा। कार्यक्रम में होली एंजेल्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. एमके श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य ज्योत्सना श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक डॉ. एके मिश्र, विजय श्रीवास्तव, गीता श्रीवास्तव, पीएन पांडेय, बीके श्रीवास्तव, आलिया खातून, डीपी गोयल, सीमा सिंह, अनीता सिंह, कंचन वर्मा, अभिषेक कुशवाहा, मान सिंह पटेल, दयाशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे। संचालन छात्र अक्षय चौरसिया और अरुणाभ सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
--------------