बनकटा ब्लाक पर प्रदर्शन करते क्षेत्र पंचायत सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
बनकटा। विकास खंड के सभागार में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख विमला रंजन की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हंगामेदार रही। विकास कार्यों के लिए वर्ष 2018 के लिए 3.66 करोड़ का अनुमानित बजट पास किया गया। बैठक में अफसरों के नहीं आने पर सदन में सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई। बैठक के अंत में बीडीसी सदस्यों ने सामूहिक त्याग पत्र देने की चेतावनी देते हुए प्रदर्शन किया।
विकास कार्यों में आड़े आ रही दिक्कतों को ग्राम प्रधानों ने प्रमुखता से उठाया। महंगे हुए मैटेरियल की वजह से विकास कार्य प्रभावित होने की बात कही। प्रधान संघ के अध्यक्ष प्रतिनिधि कमलेेश सिंह ने पुलिस प्रशासन की ओर से जरूरत के लिए मिट्टी की खुदाई करने पर धन उगाही करने का आरोप लगाया। बीडीसी लालमोहन यादव समेत 15 से अधिक सदस्यों ने प्रशासनिक अफसरों पर कार्य योजना की फाइलों को स्वीकृत नहीं करने का आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी देते हुए प्रदर्शन किया। एडीओ रामप्रवेश तिवारी ने ग्राम प्रधानों से महिलाओं के विकास के लिए स्वयं समूहों का गठन में सहयोग की अपील की। इस दौरान बीडीओ ज्ञान प्रकाश, चिकित्सा प्रभारी डॉ. विजय कुमार यादव, राजमंगल प्रसाद सहित समस्त ग्राम प्रधान व बीडीसी आदि मौजूद रहे।