21 वर्ष बाद गायब बेटा अपने पिता व भाई के बीच
- फोटो : अमर उजाला
घांटी बाजार। 21 साल से गायब बेटे के मिलने के बाद पिता की आंखें भर आई। सातवीं कक्षा तक पढ़ने के बाद बड़ा बेटा अचानक घर से गायब हो गया था। बरेली के एक दवा एजेंट गायब बेटे विजय को लेकर पहुंचा तो घरवालों की खुशी के आंसू छलक पड़े।
भटनी थाने के अलावलपुर गांव निवासी गंगा प्रसाद के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विजय घांटी के लघु माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ता था। विजय वर्ष 1996 में घर से अचानक लापता हो गया। माता परसादी देवी की बचपन में ही मौत हो चुकी है। पिता गंगा प्रसाद ने बेटे की काफी खोजबीन की, लेकिन विजय का पता नहीं चला। वह बेटे के मिलने की उम्मीद भी छोड़ चुके थे। बुधवार को अचानक बरेली निवासी दवा के एजेंट शैलेश शर्मा बेटे विजय को लेकर उनके घर पहुंचे। बेटे को पाकर पिता गंगा प्रसाद और छोटे भाई अजय की आंखें भर आईं। बेटे को लेकर आए शैलेश शर्मा ने बताया कि अगस्त-17 में मुझे यह दिल्ली के सड़क पर विक्षिप्त हालत में मिला। उसका इलाज कराया। ठीक नहीं होने पर उसे मुंबई ले जाकर इलाज कराया। जब वह ठीक हो गया तो उसने अपना पता बताया। इसके बाद उसे घर लाया गया।