खुखुन्दू के पकडी खास गांव में इसी डंडे से बेटे ने बाप का किया हत्या।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। 20 हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर नशेबाज बेटे ने डंडे से बुजुर्ग पिता के सिर पर वार कर मौत की नींद सुला दिया। घटना खुखुंदू थाने के पकड़ी खास गांव की है। बुधवार की सुबह गांव के लोगों ने घर के बाहरी बरामदे में खून से लथपथ शव देखकर पुलिस को सूचना दी। बेटी ऊषा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है।
पकड़ी खास गांव के 80 वर्षीय इंद्रदेव तिवारी की सात बेटियां और एक बेटा है। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है। 25 वर्षीय बेटे सत्येंद्र के नशे की लत के कारण इंद्रदेव पत्नी इंद्रमुखी के साथ बेटियों के यहां रहते हैं। आए दिन मारपीट करने के कारण सत्येंद्र की पत्नी किरन दो बेटों सचिन, अमित और बेटी श्वेता के साथ भटनी थाना के नोनापार के टोला छपरा में मायके में रहती है। इन दिनों बुजुर्ग दंपती फाजिलनगर में छोटी बेटी रिंकी पांडेय के यहां रह रहे थे। चार दिन पहले गांव में बह्मभोज में शामिल होने आए थे। छठे नंबर की बेटी सोनी ने बताया कि भाई का मंगलवार दोपहर में फोन आया था। वह कह रहा था कि पिता से 20 हजार रुपये दिला दो, नहीं तो मार डालेंगे। मंगलवार की रात को बुजुर्ग पिता इंद्रदेव घर के बाहरी बरामदे में सो रहे थे। इसी दरम्यान बेटे ने पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। रातभर शव पड़ा रहा। बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों की नजर खून से लथपथ इंद्रदेव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पिता की हत्या की खबर लगने के बाद गांव पहुंची बेटियां रो-रोकर चिल्ला रही थीं कि भाई ने पिता की हत्या की है। इसके बावजूद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पति की मौत की खबर के बाद गांव आई पत्नी इंद्रमुखी का रो-रोकर बुरा हाल था। थानेदार मृत्युंजय पाठक का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है।