देवरिया। छात्रसंघ चुनाव में नामांकन निरस्त होने पर दावेदारों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ आवाज बुलंद की है। उनका पुतला दहन कर गुस्से का इजहार किया। कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दावेदारों की मदद नहीं की है।
बीआरडीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चंद्रकांत सिंह और अंगद यादव और महामंत्री पद के लिए सुंदरम दुबे और विवेक मणि मिश्र का पर्चा खारिज हो गया। इसमें चंद्रकांत सिंह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एग्री विजन प्रमुख हैं। संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं की जुटान गुरुवार को सुभाष चौक पर हुई। लिंगदोह समिति की सिफारिश के नाम पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। भाजपा जिलाध्यक्ष और डीएम सुजीत कुमार को पुतला आग के हवाले किया। चुनावी मैदान से किनारे कर दिए गए चंद्रकांत सिंह, अंगद यादव और सुंदरम दुबे ने जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। एक साजिश के जरिए प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा करने की साजिश तैयार करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में आशुतोष, प्रद्युम्न विश्वकर्मा, अभिनंदन राय, रविशंकर त्रिपाठी, बालमुकुंद मिश्र, कृष्णकांत, रविशंकर दुबे, विकास कन्नौजिया आदि रहे।
मैंने कोशिश की है कि नामांकन पत्र बहाल हो जाए, लेकिन लिंगदोह समिति की सिफारिश के चलते नामांकन पत्र खारिज हो गया। इसमें किसी का दोष नहीं है। कुछ लोग नकारात्मक सोच वाले हैं। इन लोगों की कारस्तानी से सभी अवगत हैं। महेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष, भाजपा