देवरिया/एकौना/रुद्रपुर। कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता अजय सिंह लल्लू ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हाल जाना। वह बाढ़ से घिरे पचरुखा की आबादी में पानी पार कर लोगों तक पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत पैकेट देने और सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार पर अनुभवहीन होने का आरोप लगाया। इससे पहले देवरिया में उनका सुभाष चौके पर स्वागत किया गया।
तमकुही के कांग्रेस विधायक अजय सिंह लल्लू ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार लापरवाह बनी है। विधानसभा सत्र के पहले दिन ही देवरिया के रुद्रपुर और बरहज में बाढ़ सुरक्षा की तैयारियों को लेकर सवाल उठाया गया। बावजूद इसके योगी सरकार ने गंभीरता से कार्य नहीं किया। प्रदेश सरकार की अनुभवहीनता के कारण बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं दूर नहीं हो पा रही। प्रदेश सरकार के मंत्री कागजों पर बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने की रिपोर्ट दिखाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे है। जबकि धरातल पर लोग बाढ़ से तड़प रहे है। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों से मिलने पर पता चल रहा कि लोगों की जान बचाने की व्यवस्था नहीं हो पा रही। बाढ़ के पानी से लोग अब तक घिरे है। पशुओं को चारे तक का इंतजाम नहीं। सदन में सरकार को बाढ़ सुरक्षा में हुई लापरवाही पर जवाब देना पड़ेगा। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह राकेश, सुयश मणि त्रिपाठी, केशव चंद यादव, वरुण राय, धर्मेंद्र सिंह, मुकुंद भास्कर मणि आदि रहे।