भागलपुर (देवरिया)। देवरहा बाबा आश्रम का संपर्क टूट गया है। आश्रम के पीठाधीश्वर और कई साधु फंसे हुए हैं। लोगों की मदद से गायों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। प्रशासन की ओर से आश्रम पर बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। गांववालों की मदद से किसी तरह रविवार को भोजन पहुंचाया गया।
घाघरा नदी में पानी तेजी से बढ़ रहा है। देवरहा बाबा आश्रम चोरों तरफ से पानी से घिर गया है। आश्रम पर फंसे पीठाधीश्वर श्याम सुंदरदास और साधुओं ने दो दिन से बरहज एसडीएम को फोनकर नाव की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक नाव का इंतजाम नहीं किया जा सका है। रविवार को गांव के रामू यादव सहित कई युवक फल-भोजन लेकर तैरते हुए आश्रम पर पहुंचे। युवकों ने एसडीएम और एसओ से पीठाधीश्वर की बात कराई। नरियांव और देवसिया के बीच पुलिया से पानी का रिसाव शुरू हो गया है। दोपहर बाद पहुंचे सिंचाई विभाग के मजदूरों ने रिसाव रोकने के लिए बोरी में मिट्टी भरकर डालनी शुरू कर दी। प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य के लिए दो नावों को लगाया है, लेकिन एक नाव का गांव वाले उपयोग कर रहे हैं। बरहज एसडीएम अरुण सिंह ने बताया कि दो नावे लगाई गई है और की व्यवस्था की जा रही है।