भटनी। प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। रेलवे लाइन पार करते वक्त हादसा हुआ। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। युवक बलिया जिले का रहने वाला था।
बलिया के सिकंदरपुर थानाक्षेत्र के सिवान कला निवासी जयचंद्र इलाज कराने के लिए गोरखपुर गया था। बुधवार की देर रात किसी ट्रेन से भटनी स्टेशन पर पहुंचा। भटनी से बेल्थरा दूसरी ट्रेन से जाना था। इसके लिए वह रेलवे लाइन पार कर रहा था। गोरखपुर से सिवान जा रही रनथ्रू मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इसकी वजह से मौके पर मौत हो गई। जीआरपी ने युवक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर शिनाख्त की और घरवालों को सूचना दी। देर रात को घरवालों के पहुंचने के बाद जीआरपी ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। इस बाबत जीआरपी एसओ राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन से कटकर जयचंद्र की मौत हो गई।