देवरिया। बरपार फीडर के गांवों में गुरुवार की शाम को बिजली आपूर्ति बहाल हुई लेकिन 10-15 मिनट के अंतराल पर गुल होती रही। उपभोक्ताओं ने अफसरों पर गुस्सा जताया। शाम को चौक-चौराहों की दुकानदारी प्रभावित रही।
बैतालपुर सब-स्टेशन से बरपार फीडर संचालित होता है। मंगलवार की रात 12 बजे के बाद फॉल्ट आ गया। इसके चलते बरपार, सिरजम, जमुना, भण्डा, करजहा, धनौती, बेलवा, सिरजम, इटवा, गुड़री, छेरिया, इजरही, महुअवा आदि गांवों में बिजली गुल हो गई। बुधवार को पूरे दिन बिजली गुल रही। शाम को मैकेनिक की मांग की गई गुरुवार को सब स्टेशन में खराबी दूर करने की कोशिश की। सुबह से सूरज का तेवर तीखा था। इसके चलते घरों में रहना मुश्किल हो गया। उमस और गर्मी का आलम यह था कि नहाने के कुछ घंटा बाद ही पसीना से तरेेेबतर हो जा रहे थे। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। शाम पांच बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई। लोड बढ़ने से लो-वोल्टेज जैसे हालात हो गए। कुछ देर के बाद बिजली आने जाने लगी। इसके चलते इफ्तार में खलल पड़ा। बिजली कट से देर रात तक गांववासी जूझते रहे। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा जताया है। कहा कि फॉल्ट की समस्या खत्म नहीं हुई तो अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।