देवरिया। जनपद के समस्त थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सलेमपुर कोतवाली में एडिशनल एसपी दक्षिणी ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में बेहतर जनसुनवाई, पुलिस की जवाबदेही तय करने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से डेस्क सिस्टम लागू किया गया। इसके तहत सभी थानों पर हल्का प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की डेस्क लगाकर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कराई।
इसी क्रम में सलेमपुर कोतवाली में एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह व सीओ मनोज कुमार ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ लोगों की फरियाद सुनीं। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण करना है। इसके लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें बनाकर शिकायतों की जांच कराई जा रही है, ताकि लोगों को समयबद्ध न्याय मिल सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमों ने कई मामलों में मौके पर पहुंचकर जांच की और समाधान कराया। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 28 का निस्तारण तत्काल कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।