जिला अस्पताल का निरीक्षण करती लखनऊ से आई टीम।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। कायाकल्प योजना के तहत जिला व महिला अस्पताल की रैंकिंग तय करने के लिए लखनऊ से आई टीम मंगलवार को यहां पहुंची। अस्पताल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह टीम 31 अक्तूबर तक जिले में रहकर विभिन्न बिंदुओं पर दोनों अस्पतालों का मूल्यांकन करेगी।
लखनऊ से इंचार्ज स्टेट कंसल्टेंट क्वालिटी आरएस चौरसिया के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ओपीडी वार्ड, दवा वितरण कक्ष, अस्पताल कैंपस और वार्डों में भ्रमण कर सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारी ली। इसके बाद सीएमएस से कार्यालय में बैठकर रिकार्ड देखे। जांच टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि दो दिन तक जिला अस्पताल का मूल्यांकन 250 बिंदुओं पर किया जाएगा। मानक पूरा करने पर जिला अस्पताल को कायाकल्प योजना में शामिल किया जाएगा। इसमें सर्वोच्च रैंकिंग पर अस्पताल को 50 लाख रुपये तक का पुरस्कार भी मिलेगा। टीम के सदस्यों ने अस्पताल में आए मरीजों से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। टीम में फैजाबाद के डीपीएम रामप्रकाश, आंबेडकर नगर के डीपीएम अजय सिंह शामिल रहे। इस दौरान सीएमएस डा. छोटेलाल, डा. एएम वर्मा, डॉ. सौरभ द्विवेदी, डॉ. डीके सिंह, डॉ. एके वर्मा समेत अन्य डॉक्टर और कर्मचारी मौजूद रहे।