हाईटेंशन तार टूटा, कई मोहल्लों की ठप हुई आपूर्ति
बिजली कर्मियों के हड़ताल पर होने के कारण शाम को बहाल हुई आपूर्ति
बिजली के लिए परेशान दिखे लोग, जेई व एसडीओ का बंद था सीयूजी मोबाइल
बरियारपुर और पथरदेवा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सैकड़ों गांवों की ठप रही सात घंटे बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। हाईटेंशन तार टूटने से शहर के कई मोहल्लों और बरियारपुर और पथरदेवा उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति सात घंटे तक ठप रही। बिजली कर्मियों के हड़ताल पर होने से शाम 6:30 बजे खराबी ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई। बिजली नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर के भटवलिया विद्युत उपकेंद्र पर आने वाली मेन लाइन नाथनगर मोहल्ले में रविवार को दिन में करीब 11:30 बजे अचानक टूट गई। इसकी वजह से न्यू कॉलोनी और उमानगर फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। इससे जुड़े शहर के न्यू कॉलोनी, गरुणपार, लकड़ी हट्टा, नेहरू नगर, चकियवा, मोतीलाल रोड और ट्रांसफार्मर वर्कशॉप की आपूर्ति ठप रही। इसकी वजह से ट्रांसफॉर्मरों का रिपेयरिंग कार्य दोपहर बाद ठप हो गया। इसके अलावा बरियारपुर और पथरदेवा विद्युत उपकेंद्र की बिजली इसकी वजह से ठप रही। बिजली नहीं मिलने से परेशान लोग जेई और एसडीओ के सीयूजी नंबर पर लगातार फोन मिला रहे थे। लेकिन सभी का मोबाइल स्विच ऑफ था। इसके अलावा रामलीला फीडर से जुड़े राघवनगर, उमानगर, सीसी रोड की बिजली आपूर्ति फॉल्ट होने के कारण दिन में ठप रही। शाम को बिजली कर्मियों ने टूटे हुए तार को ठीक कर 6:30 बजे आपूर्ति दी। इस बाबत एक्सईएन यूसी मिश्रा ने बताया कि तार टूटने के कारण शहर के कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्र के दो विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति प्रभावित थी। इसे शाम को बहाल कर दिया गया।