क्षेत्र के एकला मिश्रौलिया गांव में डीएम अमित किशोर ने जमीन पर बैठ चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। डीएम प्रशांत किशोर ने एकला मिश्रौलिया गांव में टाट पर बैठ कर चौपाल लगाई। डीएम के चौपाल के मद्देनजर विकास विभाग की ओर से कुर्सी और मेज लगाकर मंच बनाया गया था पर डीएम ने कुर्सियां हटवा दीं। उन्होंने गांववालों के साथ टाट पर बैठकर उनसे सीधी बात की। इस दौरान लोगों ने डीएम के समक्ष विकास कार्यों में लापरवाही की शिकायतों की झड़ी लगा दी। ग्रामीणों ने बिजली निगम के एक कर्मचारी पर धन लेकर बिजली का कनेक्शन देने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीओ से आरोपी कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने गांव में स्वच्छता शौचालय, विधवा, वृद्धा, विकलांग पेंशन और आवास की समीक्षा की। उन्होंने गांव के संपर्क मार्ग पर बने गढ्ढों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने गांव की स्वच्छता और जलनिकासी को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
पूर्व प्रमुख स्वर्गीय सुरेंद्र प्रताप सिंह का ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य द्वार पर लिखा नाम हटवाने की शिकायत पूर्व प्रमुख के पुत्र और सपा नेता धर्मपाल सिंह ने डीएम से की। उन्होंने कहा कि उनके स्वर्गीय पिता और पूर्व प्रमुख के कार्यकाल में ब्लॉक कार्यालय पर दो भव्य गेट का निर्माण कराया गया। उस गेट पर उनके पिता और तत्कालीन बीडीसी सदस्यों का नाम लिखा गया था। जिसे खोद कर हटा दिया गया है। गेट की मरम्मत के नाम पर राजनीतिक द्वेशवश यह कार्य किया जा रहा है। जबकि गेट की मरम्मत की कोई आवश्यकता नहीं है। इस कार्य में सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। सपा नेता ने गेट का मरम्मत के नाम पर धन का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बाबत डीएम ने कहा कि निर्माण की जांच होगी औचित्यहीन कार्य की पुष्टि होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीडीओ को मामले की जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।