देवरिया। प्रांतीय महिला और पुरुष वालीबॉल चैंपियनशिप का फाइनल रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में खेला गया। पुरुष वर्ग के फाइनल में गाजियाबाद ने मुजफ्फरनगर को हराया तो महिला वर्ग में मुरादाबाद की टीम ने वाराणसी को करारी शिकस्त देकर विजेता बनी। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कलराज मिश्र व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की शुरुआत की। फाइनल के पहले पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल के मुकाबले में मेरठ ने वाराणसी को नजदीकी मुकाबले से पराजित कर सेमी फाइनल में जगह बनाई। सेमी फाइनल के मुकाबले में मुजफ्फरनगर ने मेरठ को और दूसरे सेमी फाइनल में गाजियाबाद ने संभल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे व चौथे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मेरठ ने संभल को एक तरफा हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में हुए तीसरे व चौथे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में जौनपुर ने गाजियाबाद को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। सांसद कलराज मिश्र ने कहा कि देवरिया के लिए गौरव का विषय है कि प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन करने का अवसर प्राप्त हुआ। खेल के प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है। काबीना मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उनका उद्देश्य देवरिया को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम देने का है, जिससे यहां भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन हो सके।
इन्हें किया गया सम्मानित
वॉलीबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उन्नयन राय, मोहित राणा, मुकेश, रोहित, गुरूचान सिंह, ओमबीर, मान, आनंद मिश्रा को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। वॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रणदीप ने अतिथियों आभार व्यक्ति किया।