देवरिया शहर के सिविल लाइंस रोड पर शाम सात बजे के करीब घनघोर कोहर छाने के चलते राहगीरो का चलना मुश्किल हो गया कोहरे के चलते वाहन रेंगते हुए नजर आए।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। सूर्यदेव दर्शन भले ही थोड़ी देर के लिए दिए, मगर लोगों ने राहत की सांस ली। शाम ढलते ही फिर गलन बढ़ गई। बृहस्पतिवार को पारा आठ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शुक्रवार को एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। नगर प्रशासन की ओर से पर्याप्त अलाव की व्यवस्था नहीं किए जाने से खुले आसमान के नीचे रहने वालों की दुश्वारियां कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं।
पिछले पांच दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। कभी धूप खिल रही है तो कभी कोहरा पड़ रहा है। ऐसे में रात के समय सफर करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज परिसर में बना रैन बसेरा भी समेट लिया गया है। रैन बसेरे को गोरखपुर ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट किया गया है। तर्क यह दिया जा रहा है कि रोडवेज परिसर में बने रैन बसेरे में कोई सोने वाला ही नहीं था। हकीकत तो यह है कि रात के समय दूरदराज से आने वाले यात्रियों को रोडवेज में खुले आसमान के नीचे रहना पड़ता है। क्योंकि शाम होते ही रोडवेज का पहिया थम जाता है। सुबह के वक्त संचालन शुरू होता है। ऐसे में यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए रोडवेज में घंटों समय गुजारना पड़ता है।