जिलाधिकारी आवास के सामने फटे हुए जलकल के पाईप को ठीक करते मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहरवासियों को दूषित पेयजल की आपूर्ति से छुटकारा दिलाने के लिए जलकल विभाग सक्रिय हो गया है। ‘अमर उजाला’ में ‘सड़कों पर पानी, घरों में बूंद-बूंद का इंतजार’ शीर्षक से खबर छापने के बाद महकमे के मजदूर लीकेज ठीक करने में जुटे थे।
मजदूरों की टीम सबसे पहले डीएम आवास के पास पहुंची। यहां पाइप लाइन में लीकेज को सही किया गया, ताकि बेवजह पानी बर्बाद न हो। फिर भी शहर में कई ऐसे स्थान बचे हैं, जहां पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है। इससे पानी तो बर्बाद हो ही रहा है, साथ में सड़कें भी खराब हो रही हैं। रामगुलाम टोले के शास्त्रीनगर में रमावती पांडेय के घर के सामने लीकेज की सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। कसया रोड पर ओवरब्रिज के नीचे दो स्थानों पर पाइप लाइन महीनों से क्षतिग्रस्त थी। मजदूरों की टीम यहां भी पहुंची। मोहल्ले के लोगों ने लीकेज सही होने पर राहत की सांस ली। कुछ मोहल्लों में कई माह से लीकेज की समस्या था। शिकायत के बाद भी विभाग के लोग चेत नहीं रहे थे। ऐसे में ‘अमर उजाला’ की मुहिम रंग लाई। प्रभावित लोगों ने कहा कि लीकेज सही होने से दूषित पेयजल आपूर्ति से छुटकारा मिल जाएगा।