भलुअनी। कस्बा स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा के पास सड़क पर जलभराव को लेकर करीब 50 दिनों से हिंदुस्तान जनमोर्चा के कार्यकर्ता बेमियादी धरने पर हैं। अब तक अधिकारियों के नहीं आने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को बरहज-देवरिया मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। आश्वासन मिलने के बाद जाम खत्म किया गया।
भलुअनी-पकड़ी बाजार मार्ग पर सेंट्रल बैंक की शाखा के सामने जलभराव से लोगों का आने-जाने में दिक्कत होती है। लोगों का कहना है कि एक समुदाय के विरोध से करीब 15 साल से लोग सड़क पर फैले गंदा पानी के रास्ते आवाजाही करते हैं। जलनिकासी के समुचित प्रबंध को लेकर 50 दिन पहले हिजम के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में बेमियादी धरना चल रहा था। दो दिन पहले पीडब्ल्यूडी कर्मी सड़क पर जलनिकासी के लिए पुलिया बनवा रहे थे। विरोध के कारण विभाग बैकफुट पर आ गया। सोमवार को व्यापारियों ने करीब एक बजे दुकानें बंद कर अन्य पार्टियों के कार्यकर्ता आंदोलन के समर्थन में आ गए। लोग मुख्य सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे। स्थानीय पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर चार थानों सहित पीएससी बुला ली। जाम की सूचना पर एसडीएम अरुण कुमार सिंह और सीओ वरुण मिश्र भी पहुंच गए। डीएम के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे सीआरओ ने दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक ठीक कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान हरेंद्र यादव, हरेंद्र मल्ल, दिनेश गुप्त, जेेपी सिंह, रितेश पाठक, सुरेंद्र दीक्षित आदि मौजूद रहे।