देवरिया। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में बैंक कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। 150 करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा। चेक क्लीयरेंस के अलावा अन्य लेनदेन ठप रहे। केंद्र सरकार और वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ नारेबाजी की। उधर, एटीएम का शटर डाउन रहा। कैश के लिए ग्राहक भटकते रहे। आईडीबीआई बैंक के एटीएम पर दोपहर तक कैश मिला।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर मंगलवार को बैंक कर्मचारियों की जुटान रेलवे स्टेशन रोड स्थित पीएनबी के सामने हुई। दिन में 11 बजे से बाइक रैली निकाला। शहर के विभिन्न बैंक शाखाओं में गए। कर्मचारियों से आंदोलन में सहयोग मांगा। इसके बाद बैंक परिसर में पहुंचकर सभा शुरू की। डीके गुप्त ने कहा कि बैंकिग सुधार के नाम पर कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाना चाहती है। बैंक शुल्क में बढ़ोत्तरी से आर्थिक बोझ बढ़ेगा। इस दौरान राकेश विश्वकर्मा, रायश्री, राकेश श्रीवास्तव, जय विजय, धनंजय सिंह, नवनीत उपाध्याय, बीडी पांडेय, सुुजीत चतुर्वेदी, तेज बहादुर, राहुल कुमार आदि ने संबोधित किया। इसके अलावा एसबीआई राघवनगर में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। खराब ऋण की वसूली के लिए कठोर उपाय की जाए ताकि बैंकों को आर्थिक लाभ मिल सके। इस दौरान पुष्पज गर्ग, एसपी मिश्र, धनंजय मिश्र, प्रणव अग्रवाल, पवन पांडेय, विष्णुदेव प्रसाद, प्रेम प्रकाश आदि रहे।